

ऑकलैंड : टॉम लैथम की 63 रन की नाबाद पारी और डेवोन कॉनवे के साथ उनकी पहले विकेट के लिए 96 रन की साझेदारी की मदद से न्यूजीलैंड ने शुक्रवार को यहां तीसरे T-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में दक्षिण अफ्रीका पर आठ विकेट से आसान जीत हासिल की। दक्षिण अफ्रीका के बल्लेबाज फिर से अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए और उसकी टीम 9 विकेट पर 136 रन ही बना सकी। न्यूजीलैंड ने 16.2 ओवर में दो विकेट पर 137 रन बनाकर 22 गेंद शेष रहते हुए लक्ष्य हासिल कर दिया और इस तरह से पांच मैच की सीरीज में 2-1 से बढ़त हासिल कर ली। कॉनवे ने 39 रन बनाए जबकि लैथम ने अपना चौथा T-20 अर्द्धशतक बनाया।
टिम रॉबिंसन ने 17 रन का योगदान दिया। इस सीरीज में अभी तक बल्लेबाजों के लिए परिस्थितियां अनुकूल नहीं रही हैं। दक्षिण अफ्रीका को पहले मैच में केवल 91 रन का लक्ष्य मिला था जो उसने तीन विकेट खोकर हासिल कर लिया था। दक्षिण अफ्रीका की टीम दूसरे मैच में 107 रन पर आउट हो गई और न्यूजीलैंड ने 68 रन से जीत हासिल की। दक्षिण अफ्रीका ने इस सीरीज में शुक्रवार को पहली बार 20 ओवर तक बल्लेबाजी की। उसकी तरफ से नकोबानी मोकोएना ने 20 गेंद पर सर्वाधिक नाबाद 26 रन बनाए। लैथम और कॉनवे ने धीमी शुरुआत करते हुए पहले दो ओवरों में पांच रन और पहले तीन ओवरों में 12 रन बनाए।
इसके बाद उन्होंने चौथे ओवर में मोकोएना पर 14 रन और लुथो सिपामला द्वारा किए गए पांचवें ओवर में 21 रन बनाकर न्यूजीलैंड को आसान जीत की राह पर अग्रसर किया। कॉनवे ने 11वें ओवर में केशव महाराज की गेंद पर सीमा रेखा पर कैच दिया। जब स्कोर बराबर था तब रॉबिंसन भी आउट हो गए। निक केली ने विजयी रन बनाया। न्यूजीलैंड के कप्तान मिशेल सैंटनर ने कहा, ‘हमारे कई प्रमुख खिलाड़ी नहीं खेल रहे हैं लेकिन हमारे पास अच्छे खिलाड़ियों की कमी नहीं है। पिच शुरू में थोड़ी मुश्किल लग रही थी। यह अच्छी बात थी कि दोनों खिलाड़ियों (कॉनवे और लैथम) ने इसे बखूबी संभाला।’ चौथा मैच रविवार को वेलिंगटन में खेला जाएगा।