वैष्णो देवी मंदिर पहुंचे कई खिलाड़ी, मत्था टेककर लिया मां का आशीर्वाद

वैष्णो देवी मंदिर पहुंचे कई खिलाड़ी, मत्था टेककर लिया मां का आशीर्वाद
Published on: 

जम्मू : जम्मू में लीजेंड्स लीग टी-20 क्रिकेट खेलने पहुंचे सुरेश रैना, हरभजन सिंह और एस। श्रीसंथ सहित कई पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटरों ने रियासी जिले में त्रिकुटा पहाड़ियों पर स्थित माता वैष्णो देवी के दर्शन तथा पूजा-अर्चना की। यहां गौतम गंभीर, मोहम्मद कैफ, इरफान पठान, शेन वॉटसन, एरन फिंच, तिलकरत्ने दिलशान, क्रिस गेल, हाशिम अमला, मोर्ने मोर्कल सहित 100 से अधिक पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर लीजेंड्स टी20 लीग के दूसरे सीजन में भाग लेने के लिए जम्मू में हैं। अधिकारियों ने जानकारी दी कि कटरा पहुंचने पर क्रिकेटरों के दल का कटरा स्पोर्ट्स क्लब की ओर से स्वागत किया गया। उन्होंने कहा कि इसके बाद खिलाड़ियों ने सांझीछत के लिए उड़ान भरी, जहां से वे गुफा मंदिर के लिए रवाना हुए। उन्होंने बताया कि मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद क्रिकेटरों ने भैरों बाबा मंदिर में प्रार्थना के लिए भैरों घाटी का दौरा किया तथा शाम में वे जम्मू लौट आए।

क्रिकेटर हरभजन सिंह ने कहा

बता दें क‌ि हरभजन सिंह ने मंदिर के लिए रवाना होने से पहले कटरा में संवाददाताओं से कहा 'मैं माता वैष्णो देवी का आशीर्वाद लेने के लिए यहां आया हूं। मैं भाग्यशाली हूं कि मुझे गुफा मंदिर में पूजा करने का अवसर मिला।' जम्मू में खेलने के अपने अनुभव को साझा करते हुए, भारत के पूर्व स्पिनर ने कहा 'कई वर्षों बाद यहां मैच का आयोजन हो रहा है इसलिए लोग मैचों को लेकर उत्साहित हैं। हमें यहां खेलने में मजा आ रहा है।' लीजेंड्स लीग टूर्नामेंट के कुल चार मुकाबले जम्मू में खेले जा रहे हैं। पहला मैच सोमवार को खेला जा चुका है, वहीं बाकी बचे तीन मुकाबले बुधवार, गुरूवार और शुक्रवार को खेले जाएंगे।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in