कोहली ने शतक के साथ जवाब दे दिया है : गावस्कर

पिछले दो मैचों में शून्य पर आउट हुए कोहली के 60 गेंद में नाबाद 105 रन की मदद से रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू ने IPL के मैच में KKR को छह विकेट से हराकर अंकतालिका में पहला स्थान हासिल कर लिया।
फाइल फोटो
फाइल फोटो
Published on

रायपुर : भारत के पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर ने विराट कोहली की तारीफ करते हुए कहा कि इस चैंपियन बल्लेबाज ने साबित कर दिया है कि पुरानी पीढ़ी अभी भी सर्वश्रेष्ठ है। पिछले दो मैचों में शून्य पर आउट हुए कोहली के 60 गेंद में नाबाद 105 रन की मदद से रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू ने IPL के मैच में KKR को छह विकेट से हराकर अंकतालिका में पहला स्थान हासिल कर लिया। गावस्कर ने ‘स्टार स्पोटर्स’ पर ‘अमूल क्रिकेट लाइव’ में कहा, ‘विराट कोहली ने KKR के खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया।

लक्ष्य का पीछा करने में उसका कोई सानी नहीं है।’ उन्होंने कहा, ‘हर कोई बात कर रहा है कि यह सत्र अगली पीढ़ी का है लेकिन कोहली ने दिखा दिया कि वह अभी भी है। उसने आलोचकों को शतक से जवाब दिया और आरेंज कैप की दौड़ में तीसरे नंबर पर पहुंच गया। उसने साबित कर दिया कि पुरानी पीढ़ी अभी भी सर्वश्रेष्ठ है।’ उन्होंने कहा, ‘T-20 शतकों के मामले में वह दस शतक के साथ क्रिस गेल और बाबर आजम के बाद तीसरे नंबर पर है।

उसने T-20 क्रिकेट में सबसे तेजी से 14000 रन पूरे किये और IPL में नौ शतक लगा चुका है। रिकॉर्ड टूटने के लिये बनते हैं लेकिन कोहली अगर मैच दर मैच, सत्र दर सत्र ऐसे ही खेलता रहा तो किसी को भी वहां तक पहुंचने में लंबा समय लगेगा।’ गावस्कर ने यह भी कहा कि KKR द्वारा कोहली का कैच टपकाना मैच का निर्णायक पल रहा। उन्होंने कहा, ‘RCB-KKR मैच से पहले KKR कैच लपकने के मामले में बेहतरीन थी लेकिन यह कैच छोड़ना काफी महंगा पड़ा।’

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in