कोहली को आक्रामक शैली बनाए रखने में आनंद आता है : पठान

कोहली ने ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज को लगातार इम्पैक्ट सब्स्टीट्यूट के रूप में इस्तेमाल किए जाने का मजाक उड़ाते हुए इशारा किया कि उन्हें मैदान से बाहर रहने के बजाय कुछ गेंदें फेंकनी चाहिए।
IPL
फाइल फोटोRavi Choudhary
Published on

नयी दिल्ली : भारत के पूर्व ऑलराउंडर इरफान पठान ने सनराइजर्स हैदराबाद और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू (RCB) के IPL मैच के दौरान विराट कोहली और ट्रैविस हेड के बीच मैदान पर हुई तीखी बहस को खास तवज्जो नहीं दी और कहा कि शीर्ष स्तर की क्रिकेट में कड़ी प्रतिस्पर्धा को देखते हुए इस तरह के टकराव स्वाभाविक हैं। कोहली और हेड के बीच मैदान पर तीखी बहस हुई। कोहली ने ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज को लगातार इम्पैक्ट सब्स्टीट्यूट के रूप में इस्तेमाल किए जाने का मजाक उड़ाते हुए इशारा किया कि उन्हें मैदान से बाहर रहने के बजाय कुछ गेंदें फेंकनी चाहिए। कोहली जल्द ही 11 गेंद में 15 रन बनाकर आउट हो गए, जिसके बाद हेड ने पलटवार करते हुए उन पर कटाक्ष किया।

सनराइजर्स की 55 रन की जीत के बाद भी तनाव बना रहा। मैच के बाद हेड ने कोहली से हाथ मिलाने की कोशिश की, लेकिन भारतीय स्टार बल्लेबाज उनकी ओर ध्यान दिए बिना ही आगे बढ़ गया। पठान ने कहा, ‘विराट कोहली को हमेशा से ही मैदान पर ऑस्ट्रेलिया की तरह आक्रामक शैली में खेलना, थोड़ी सी नोकझोंक, कड़ी प्रतिस्पर्धा तथा पूरे जोश और जज्बे के साथ खेलना पसंद है।’ उन्होंने कहा, ‘कोहली और हेड के बीच जो कुछ हुआ, ऐसा बेहद दबाव वाले मैचों में होना स्वाभाविक है। विशेष कर तब जबकि दोनों टीम अंक तालिका में महत्वपूर्ण स्थान के लिए प्रतिस्पर्धा कर रही हों। यह शीर्ष स्तर के क्रिकेट की प्रतिस्पर्धात्मक भावना का ही एक हिस्सा था।’

इस बीच पूर्व भारतीय बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग ने कहा कि वेंकटेश अय्यर ने प्लेऑफ से पहले RCB के सामने चयन को लेकर दुविधा खड़ी कर दी है। सहवाग चाहते हैं कि बाएं हाथ का यह बल्लेबाज ओपनिंग करना जारी रखे। इसके अलावा उन्होंने सुझाव दिया कि फिट हो चुके फिल साल्ट को खराब फॉर्म में चल रहे जितेश शर्मा की जगह टीम में शामिल किया जाना चाहिए। सहवाग ने कहा, ‘वेंकटेश अय्यर शीर्ष क्रम में अच्छा प्रदर्शन करते हैं। उन्होंने कोलकाता नाइट राइडर्स के साथ सलामी बल्लेबाज के रूप में कई शानदार पारियां खेली हैं।

RCB की तरफ से उन्हें अपनी पसंदीदा जगह पर बल्लेबाजी करने के ज्यादा मौके नहीं मिले हैं। लेकिन जब उन्हें मौका दिया गया तो उन्होंने इसका पूरा फायदा उठाया।’ उन्होंने कहा, ‘फिल साल्ट के पूरी तरह फिट होकर लौटने के बाद सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या वेंकटेश अंतिम एकादश में अपनी जगह बनाए रखेंगे। मैं अय्यर को ओपनिंग से बाहर नहीं करूंगा। इसके बजाय मैं जितेश शर्मा की जगह फिल साल्ट को टीम में रखूंगा। जितेश अच्छी फॉर्म में नहीं हैं। अगर साल्ट वापसी करते हैं तो जितेश को बाहर बैठना पड़ेगा।’  

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in