

चेन्नई : भारत के पूर्व ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने कहा कि कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के गेंदबाजी आक्रमण में अब पहले जैसा खौफ नहीं रहा और उनके ‘मिस्ट्री’ स्पिनरों में ‘नवीनता का तत्व’ भी फीका पड़ गया है। IPL से पहले KKR की ताकत और कमजोरी का विश्लेषण करते हुए अश्विन ने कहा कि भारतीय स्पिनर वरुण चक्रवर्ती पर अब काफी जिम्मेदारी होगी। अश्विन ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, ‘मुझे नहीं लगता कि KKR की गेंदबाजी देखकर विरोधी टीम डरेंगी। ‘मिस्ट्री फैक्टर’, ‘नवीनता’ और खौफ, ये सब अब खत्म हो चुके हैं।
पहले बल्लेबाज विश्लेषक के कमरे में जाकर गेंदबाज के हाथ को देखते थे या फिर एक रन लेने की बात सोचते थे।’ उन्होंने कहा, ‘वरुण अपने करियर के ऐसे दौर में हैं जहां उन्हें जवाब ढूंढने होंगे। यह हर क्रिकेटर के विकास का हिस्सा होता है। मुझे लगता है कि नवीनता का तत्व अब खत्म हो गया है।’ अश्विन ने यह भी कहा कि अनुभवी ऑलराउंडर सुनील नारायण की प्रभावशीलता भी कम हो गई है। उन्होंने कहा, ‘सुनील नारायण अब अपने एक्शन की वजह से अपनी तेज गेंद नहीं डाल सकते।
ईडन गार्डन छोटा मैदान है इसलिए विरोधी टीमों के लिए आक्रामक होना आसान हो गया है।’ उन्होंने जोर देकर कहा कि KKR के गेंदबाजों के लिए आक्रामक बल्लेबाजी लाइन-अप को रोकना मुश्किल हो सकता है, खासकर छोटे मैदानों पर। उन्होंने यह भी कहा कि चोटों और खिलाड़ियों में बदलाव के कारण गेंदबाजी इकाई कमजोर हो गई है। उन्होंने कहा, ‘नीलामी के बाद मैंने कहा था कि KKR की गेंदबाजी मजबूत है। लेकिन अब मुस्तफिजुर रहमान टीम में नहीं हैं। माथिशा पाथिराना चोटिल हैं और हर्षित राणा भी बाहर हो चुके हैं।’
अश्विन ने कहा, ‘KKR के पास ब्लेसिंग मुजारबानी हैं जिन्होंने मेहनत की है और मैं उन्हें देखने के लिए उत्साहित हूं। लेकिन इतनी चोटों के बीच किसी को बड़ी जिम्मेदारी निभानी होगी और वो कौन होगा, मुझे नहीं दिखता।’ भारतीय तेज गेंदबाज आकाशदीप भी KKR के पूरे सत्र के लिए बाहर हो गए हैं। अश्विन ने श्रेयस अय्यर की अनुपस्थिति का भी जिक्र किया जिन्होंने 2024 में KKR को तीसरा खिताब जिताया था लेकिन टीम ने उन्हें रिलीज कर दिया। उन्होंने कहा, ‘कोरबो है, लोरबो है, लेकिन जीतबो नहीं है।
KKR ने तीन बार खिताब जीता, दो बार गौतम गंभीर के नेतृत्व में और एक बार श्रेयस अय्यर की अगुवाई में।’ अश्विन ने कहा, ‘श्रेयस अय्यर की कप्तानी प्रभावशाली रही है। KKR का नुकसान पंजाब किंग्स का फायदा बन गया।’ अय्यर पंजाब किंग्स में शामिल हुए और पिछले साल टीम को एक दशक में पहली बार IPL फाइनल तक पहुंचाया। अश्विन ने यह भी कहा कि अगर कोई खिलाड़ी अपनी भूमिका पूरी नहीं करता है तो टीमों को उसकी फीस में कटौती करने का अधिकार होना चाहिए।
उन्होंने कैमरन ग्रीन का उदाहरण देते हुए कहा कि अगर क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया उन्हें पूरे चार ओवर डालने की अनुमति नहीं देता तो IPL टीमों को उनके भुगतान में कटौती करनी चाहिए। इस पूर्व क्रिकेटर ने कहा, ‘अगर आपने किसी खिलाड़ी को चार ओवर गेंदबाजी और बल्लेबाजी के लिए खरीदा है, लेकिन वह ऐसा नहीं कर पा रहा है तो टीम को उसके पैसे काटने का अधिकार होना चाहिए।’ उन्होंने कहा, ‘कल्पना कीजिए, अगर आप शाहरुख खान हैं और आपने किसी खिलाड़ी पर 25 करोड़ रुपये खर्च किए हैं और वह कहे कि वह सिर्फ एक ओवर डालेगा तो आपको कैसा लगेगा?