KKR और SRH की नजरें वापसी पर

KKR की टीम अपने स्पिनरों की फॉर्म में वापसी को लेकर उत्सुक होगी जबकि सनराइजर्स को भी अपने गेंदबाजी विभाग में काफी सुधार करना होगा। मैच शाम 7:30 बजे शुरू होगा।
 KKR और SRH की नजरें वापसी पर
Published on

कोलकाता : अपने पहले मैच में हार का सामना करने वाली KKR और SRH की टीमें IPL के गुरुवार को यहां होने वाले मैच में अपना अभियान पटरी पर लाने की कोशिश करेंगी। इन दोनों टीम की बल्लेबाजी काफी मजबूत है और ऐसे में गेंदबाजी में अच्छा प्रदर्शन निर्णायक साबित हो सकता है। KKR की टीम अपने स्पिनरों की फॉर्म में वापसी को लेकर उत्सुक होगी जबकि सनराइजर्स को भी अपने गेंदबाजी विभाग में काफी सुधार करना होगा। मैच शाम 7:30 बजे शुरू होगा। यह मुकाबला तीन बार के चैंपियन KKR के लिए घरेलू मैदान पर होने वाले महत्वपूर्ण दौर की शुरुआत भी है, जिसे आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए यहां सात दिन में तीन मैच और फिर 19 अप्रैल को एक और मैच खेलना है।

विधानसभा चुनाव के कारण कोलकाता में लगभग एक महीने तक कोई मैच नहीं खेला जाएगा। KKR को इसके बाद चार मैच दूसरी टीमों के घरेलू मैदान पर खेलने हैं। उसका अपने घरेलू मैदान पर अगला मैच 16 मई को होगा और ऐसे में उसकी टीम इस चरण में लय हासिल करने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ेगी। ईडन गार्डन KKR का गढ़ रहा है, जिसने 2008 से यहां खेले गए 95 मैचों में से 54 मैच जीते हैं। कुछ प्रमुख गेंदबाजों के चोटिल होने के कारण बाहर हो जाने से केकेआर का गेंदबाजी आक्रमण कमजोर हुआ है। हर्षित राणा और आकाश दीप बाहर हो चुके हैं जबकि मथीशा पथिराना को अभी श्रीलंका क्रिकेट से अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) मिलना बाकी है। इसके अलावा 25.20 करोड़ रुपये में खरीदे गए कैमरन ग्रीन फिलहाल केवल बल्लेबाज के रूप में उपलब्ध हैं।

KKR के गेंदबाजी आक्रमण की कमजोरी मुंबई इंडियंस के खिलाफ पहले मैच में स्पष्ट तौर पर नजर आई जहां उसकी टीम 220 रन का बचाव नहीं कर सकी थी। रोहित शर्मा और रयान रिकेल्टन ने केवल 72 गेंद पर 148 रन की साझेदारी की। इस मैच में KKR के मुख्य स्पिनरों सुनील नारायण और वरुण चक्रवर्ती को संघर्ष करना पड़ा था जो उनकी टीम के लिए चिंता का विषय होगा। ग्रीन ने पहले मैच में 10 गेंद पर 18 रन बनाए। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के गेंदबाजी प्रबंधन के निर्देशों के कारण उन्होंने गेंदबाजी नहीं की। ग्रीन के गेंदबाजी नहीं करने के कारण केकेआर उनकी जगह पर वेस्टइंडीज के रोवमैन पॉवेल को अंतिम एकादश में शामिल करने के बारे में सोच सकता है। पॉवेल ने T-20 विश्व कप में 147.52 के स्ट्राइक रेट से 149 रन बनाए।

उन्होंने भारत के खिलाफ इसी मैदान पर सुपर आठ के मैच में 19 गेंदों पर नाबाद 34 रन बनाए थे। KKR इस मैच के लिए टर्निंग विकेट तैयार करने के बारे में सोच रहा है लेकिन तब भी 200 का स्कोर औसत माना जाएगा। KKR का कप्तान अजिंक्य रहाणे की अच्छी शुरुआत से हौसला बढ़ा होगा लेकिन उनका बीच के ओवरों में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाना चिंता का विषय होगा। मुंबई इंडियंस के खिलाफ रहाणे ने पावर प्ले में 18 गेंदों में 36 रन बनाए, लेकिन उसके बाद अगली 22 गेंदों में केवल 31 रन ही बना सके। ऐसा पहली बार नहीं हुआ है क्योंकि 2023 से ही रहाणे पावर प्ले में अच्छा प्रदर्शन करते रहे हैं लेकिन इसके बाद उनका स्ट्राइक रेट तेजी से गिर जाता है।

सनराइजर्स भी इसी तरह की स्थिति में हैं, क्योंकि उसने अपने अभियान की शुरुआत मौजूदा चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) से हार के साथ की थी। सनराइजर्स के शीर्ष क्रम में अभिषेक शर्मा, ईशान किशन और ट्रैविस हेड जैसे धाकड़ बल्लेबाज शामिल हैं। लेकिन नियमित कप्तान पैट कमिंस की अनुपस्थिति में उसका गेंदबाजी आक्रमण कमजोर नजर आता है। उसके गेंदबाज आरसीबी के खिलाफ 201 रन का बचाव नहीं कर पाए थे। कमिंस ने नेट में गेंदबाजी करना शुरू कर दिया है और वह कुछ सप्ताह बाद टीम से जुड़ सकते हैं। उनकी अनुपस्थिति में नीतीश कुमार रेड्डी, जयदेव उनादकट, हर्षल पटेल और ईशान मलिंगा को अपनी भूमिका अच्छी तरह से निभानी होगी।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in