IPL-2026 : KKR को एक और झटका

अब आकाशदीप पीठ की चोट के कारण बाहर
IPL-2026 : KKR को एक और झटका
Published on

कोलकाता : चोटिल खिलाड़ियों की समस्या से जूझ रहे कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) को शनिवार को तब एक और झटका लगा जब उसके प्रमुख तेज गेंदबाज आकाशदीप पीठ के निचले हिस्से में दर्द के कारण इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) से बाहर हो गए। आकाशदीप कम से कम आठ सप्ताह तक नहीं खेल पाएंगे जिससे दाएं हाथ के इस तेज गेंदबाज का जून की शुरुआत में अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाले एकमात्र टेस्ट मैच में खेलना भी संदिग्ध है।भारतीय क्रिकेट बोर्ड (BCCI) के एक सूत्र ने बताया, ‘आकाशदीप की पीठ के निचले हिस्से में दर्द फिर से उबर गया है और उन्हें ठीक होने में आठ से 12 सप्ताह तक लग सकते हैं।

वह IPL में नहीं खेल पाएंगे और उनका अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाले एकमात्र टेस्ट मैच में खेलना भी संदिग्ध है।’ इस 29 वर्षीय गेंदबाज ने अपना आखिरी मैच जम्मू कश्मीर के खिलाफ रणजी ट्रॉफी सेमीफाइनल के रूप में खेला था। तब वह पूरी तरह से फिट नहीं दिख रहे थे। उन्होंने पहली पारी में केवल 13 ओवर और दूसरी पारी में सात से कम ओवर फेंके थे।तब से वह बेंगलुरु में बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में रिहैबिलिटेशन से गुजर रहे हैं और उन्होंने बुधवार से यहां शुरू हुए केकेआर के अभ्यास शिविर में हिस्सा नहीं लिया। सूत्र ने कहा, ‘पूरी तरह से फिट होकर वापसी करने में काफी समय लगेगा।

इस तरह की चोट में फिट होने के लिए लगभग 10 सप्ताह का समय लगता है। लेकिन इस मामले में इससे भी अधिक समय लग सकता है।’ आकाशदीप तीन बार के चैंपियन केकेआर की चोटिल खिलाड़ियों की सूची में नया नाम हैं। इस सूची में भारतीय तेज गेंदबाज हर्षित राणा और 18 करोड़ रुपये में खरीदे गए श्रीलंकाई खिलाड़ी मथीशा पथिराना भी शामिल हैं, जिससे टीम का तेज गेंदबाजी विभाग कमजोर पड़ गया है। आकाशदीप और राणा की अनुपस्थिति में केकेआर को वैभव अरोड़ा, कार्तिक त्यागी और फिट होकर वापसी करने वाले उमरान मलिक पर निर्भर रहना पड़ेगा।

राणा पहले ही IPL से बाहर हो गए थे। BCCI के निर्देश के बाद इस साल की शुरुआत में बांग्लादेश के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को टीम से बाहर करना पड़ा, जिसके बाद केकेआर ने उनके स्थान पर जिम्बाब्वे के तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुजरबानी को टीम में शामिल किया। KKR ने तेज गेंदबाजी विभाग में विकल्पों की तलाश शुरू कर दी है। पिछले कुछ दिनों में आकाश मधवाल, नवदीप सैनी, सिमरजीत सिंह, केएम आसिफ और संदीप वारियर ने टीम में शामिल होने के लिए ट्रायल दिए थे।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in