क्रिकेट : भारत में होंगे 2029 चैंपियंस ट्रॉफी और 2031 वनडे विश्व कप
बाली : अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) के बोर्ड ने रविवार को 2035 तक होने वाले मुख्य पुरुष क्रिकेट टूर्नामेंट के आयोजन की ‘विंडो’ को मंजूरी दे दी जिसके तहत भारत 9 से 28 अक्टूबर 2029 तक चैंपियंस ट्रॉफी-2029 की मेजबानी करेगा जबकि 2031 में 9 अक्टूबर से 23 नवंबर तक होने वाले वनडे विश्व कप-2031 की संयुक्त मेजबानी करेगा। हालांकि 2031 के बाद होने वाले टूर्नामेंट के मेजबान देशों की घोषणा नहीं की गई है लेकिन उनके आयोजन की तारीखें सार्वजनिक कर दी गई हैं। आईसीसी का यह निर्धारित कार्यक्रम 2028 में ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड में होने वाले टी20 विश्व कप से शुरू होकर 2035 में होने वाले वनडे विश्व कप तक जारी रहेगा। आईसीसी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी संजोग गुप्ता ने कहा, ‘आईसीसी के टूर्नामेंटों का पोर्टफोलियो और कार्यक्रम क्रिकेट के वैश्विक ढांचे के महत्वपूर्ण हिस्से हैं। ये इस खेल को और अधिक प्रतिस्पर्धी बनाने के साथ-साथ पूरे क्रिकेट जगत को एक बेहतर दिशा और संदर्भ प्रदान करते हैं। हम खिलाड़ियों और सदस्य देशों को इन टूर्नामेंटों के बारे में लंबे समय पहले जानकारी उपलब्ध कराने के महत्व को भी समझते हैं। इससे खिलाड़ियों के विकास के लिए बेहतर योजनाएं, उच्च प्रदर्शन वाले कार्यक्रम और व्यवस्थित क्रिकेट कैलेंडर तैयार करने में मदद मिलेगी।’
विश्वकप बांग्लादेश के साथ मिलकर
भारत 2031 के वनडे विश्व कप की मेजबानी बांग्लादेश के साथ मिलकर करेगा। इसके बाद 2035 में होने वाले वनडे विश्व कप का आयोजन भी तय कर दिया गया है। यह टूर्नामेंट अक्टूबर-नवंबर के दौरान खेला जाएगा, हालांकि इसके मेजबान देश का फैसला अभी नहीं हुआ है। 2028 का टी20 विश्व कप 12 अक्टूबर से 12 नवंबर तक ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड में आयोजित होगा। फिर इसके अगले चरण का आयोजन 2030 में होगा जिसकी संयुक्त मेजबानी इंग्लैंड, स्कॉटलैंड और आयरलैंड करेंगे। इसके बाद 2032 और 2034 में भी टी20 विश्व कप आयोजित किए जाएंगे। हालांकि, इन दोनों टूर्नामेंट के मेजबान देशों और आयोजन स्थलों की घोषणा अभी नहीं की गई है। विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) का फाइनल 2035 तक हर दो साल में जून महीने में आयोजित होता रहेगा। इंग्लैंड 2029 और 2031 के फाइनल की मेजबानी करेगा जबकि 2033 और 2035 के फाइनल के मेजबान देशों की घोषणा बाद में की जाएगी।

