पहले वनडे में भारत ने न्यूजीलैंड को हराया

कोहली और गिल के अर्द्धशतक
पहले वनडे में भारत ने न्यूजीलैंड को हराया
Published on: 

वडोदरा : भारत ने विराट कोहली (93 रन) और कप्तान शुभमन गिल (56 रन) के अर्द्धशतक तथा दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 118 रन की साझेदारी से रविवार को यहां न्यूजीलैंड को शुरुआती एक दिवसीय मुकाबले में एक ओवर रहते चार विकेट से हराकर तीन मैच की सीरीज में 1-0 से बढ़त हासिल की। बल्लेबाजी का न्योता मिलने के बाद न्यूजीलैंड ने डेरिल मिचेल (84), हेनरी निकोल्स (62) और डेवोन कॉनवे (56) के अर्द्धशतकों की मदद से आठ विकेट पर 300 रन बनाए। भारत के लिए तेज गेंदबाज हर्षित राणा, मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा ने दो दो विकेट लिए जबकि स्पिनरों में कुलदीप यादव को एक विकेट मिला।

भारत ने कोहली (91 गेंद, आठ चौके, एक छक्का) की गिल (71 गेंद, तीन चौके, दो छक्के) के साथ दूसरे विकेट के लिए शतकीय और श्रेयस य्यर (49 रन) के साथ तीसरे विकेट के लिए 77 रन की साझेदारी से 49 ओवर में छह विकेट पर 306 रन बनाकर रोमांचक जीत दर्ज की। केएल राहुल (नाबाद 29 रन, 21 गेंद, दो चौके, एक छक्का) ने 48वें ओवर की अंतिम तीन गेंद में से दो में चौके लगाकर स्कोर बराबर किया। फिर अंतिम गेंद पर छक्का लगाकर भारत को जीत दिलाई। उनके अलावा हर्षित राणा ने 23 गेंद में 29 रन का योगदान दिया। न्यूजीलैंड के लिए काइल जैमीसन ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 10 ओवर में एक मेडन से 41 रन देकर चार विकेट झटके।

लेकिन क्षेत्ररक्षण में हुई कई चूक से टीम को काफी निराशा हुई।भारत के सुपरस्टार कोहली और रोहित शर्मा के बाद विश्व रैंकिंग में तीसरे स्थान पर काबिज डेरिल मिचेल अपनी जुझारू पारी से उम्मीदों पर खरे उतरे जिससे न्यूजीलैंड की टीम मध्य क्रम के लड़खड़ाने के बावजूद उबरने में सफल रही। न्यूजीलैंड ने नयी गेंद से अच्छी शुरूआत की जिससे पहले पांच ओवर में भारतीय टीम बिना विकेट गंवाए महज 15 रन ही बना सकी। लंबे कद के जैमीसन और जाक फोक्स (10 ओवर में 49 रन) ने अपनी गेंदों से रोहित और शुभमन गिल को खुलकर नहीं खेलने दिया। रोहित ने छठे ओवर में फोक्स की शॉर्ट गेंद पर स्क्वायर लेग पर छक्का जड़कर हाथ खोले। अगले ओवर में उन्होंने जैमीसन पर लांग ऑन में एक छक्का और दो गेंद बाद एक चौका लगाया। इस दौरान गिल को जीवनदान मिला जब ग्लेन फिलिप्स ने उनका कैच छोड़ दिया, तब भारतीय कप्तान का स्कोर आठ रन था।

नौंवे ओवर में भारत को पहला झटका लगा जब जैमीसन की गेंद पर रोहित एक्सट्रा कवर पर ड्राइव लगाने के प्रयास में कैच आउट हुए और ब्रेसवैल ने भागते हुए उनका कैच लपका। अब कोहली क्रीज पर थे। उन्होंने फोक्स पर दो चौके लगाकर शुरूआत की और पदार्पण करने वाले क्रिस्टियन क्लार्क (10 ओवर में 73 रन देकर एक विकेट) पर लगातार गेंदों पर दो चौके जमाए।गिल ने 13वें ओवर में न्यूजीलैंड के लेग स्पिनर आदित्य अशोक (छह ओवर में 55 रन देकर एक विकेट) पर लांग ऑन पर छक्का जड़ा तो वहीं कोहली ने दो चौके जमाए। धीमी शुरूआत के बाद गिल लय में आ गए, उन्होंने क्लार्क पर खूबसूरत स्ट्रेट ड्राइव शॉट लगाने के बाद ब्रेसवैल पर डीप स्क्वायर लेग में छक्का जड़ दिया। शानदार फॉर्म में चल रहे कोहली ने 22वें ओवर में ग्लेन फिलप्स पर एक रन लेकर महज 44 गेंद में छह चौके से अर्द्धशतक पूरा कर लिया।

गिल ने भी 25वें ओवर में दो रन लेकर 66 गेंद में अपना पचासा पूरा किया जिसमें दो चौके और दो छक्के जड़े थे। हालांकि इसके बाद वह ज्यादा देर तक क्रीज पर नहीं टिक सके और अशोक की ऑफ स्टंप के बाहर जाती गेंद पर एक्स्ट्रा कवर पर फिलिप्स के हाथों लपके गए। ऑस्ट्रेलिया में लगी चोट के बाद भारतीय टीम में वापसी करने वाले श्रेयस अय्यर अब कोहली का साथ निभाने क्रीज पर उतरे। कोहली इस दौरान अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सभी प्रारूप में सबसे तेजी से 28 हजार रन बनाने वाले खिलाड़ी बन गए। कोहली इस तरह सचिन तेंदुलकर के बाद दूसरे सबसे अधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी बन गए। कोहली ने अपनी 624वीं पारी खेलते हुए अशोक पर चौका लगाकर यह मुकाम हासिल किया। तेंदुलकर ने यह मुकाम अपनी 644वीं पारी में हासिल किया था। कोहली शतक की ओर बढ़ रहे थे लेकिन 40वें ओवर में जैमीसन की गेंद को एक्स्ट्रा कवर में भेजने की कोशिश में मिड ऑफ पर ब्रेसवैल के हाथों लपके गए।

उन्होंने और अय्यर ने तीसरे विकेट के लिए 76 गेंद में 77 रन की भागीदारी निभाई। जैमीसन ने इसी ओवर की अंतिम गेंद पर रविंद्र जडेजा को चलता किया। फिर अय्यर भी इसी गेंदबाज का शिकार होकर अर्द्धशतक से महज एक रन से चूक गए। भारत का स्कोर पांच विकेट पर 242 रन था। डेरिल मिचेल ने राणा का आसान कैच टपकाकर भारत को छठा झटका देने का मौका गंवा दिया। हालांकि राणा (23 गेंद, दो चौके, एक छक्का) 47वें ओवर में क्लार्क की गेंद पर विकेटकीपर के हाथों कैच आउट हुए। तब भारत का स्कोर छह विकेट पर 279 रन था। इससे पहले कॉनवे और निकोल्स ने आदर्श शुरुआत कराई लेकिन न्यूजीलैंड का मध्य क्रम इसका फायदा उठाने में विफल रहा। इसके बाद मिचेल ने 71 गेंद की पारी के दौरान पांच चौके और तीन छक्के लगाए जबकि निकोल्स की 69 गेंद की पारी में आठ चौके जड़े थे। कॉनवे ने 67 गेंद में छह चौके और एक छक्का लगाया।

सलामी बल्लेबाज कॉनवे और निकोल्स ने पहले 21 ओवरों में 117 रन की साझेदारी की लेकिन राणा (65 रन देकर दो विकेट) के दूसरे स्पेल ने कमाल कर दिया जिसमें उन्होंने दो ओवर में 13 रन देकर दो विकेट झटके। इसके बाद घरेलू टीम ने नियमित अंतराल पर विकेट लिए। न्यूजीलैंड का स्कोर 22वें ओवर में बिना किसी नुकसान के 117 रन से 38वें ओवर में पांच विकेट पर 198 रन हो गया। लेकिन मिचेल डटे रहे। राणा ने 22वें ओवर में कॉनवे और निकोल्स के बीच शतकीय साझेदारी का अंत किया। उनकी ऑफ-कटर गेंद निकोल्स से दूर जा रही थी लेकिन बल्लेबाज ने आगे बढ़कर इसे खेलने की कोशिश की और गेंद बल्ले का किनारा लेकर विकेटकीपर के हाथों में चली गई, जिससे भारत को पहली सफलता मिली।

राणा ने न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों को चकमा देने के लिए धीमी गेंदों के साथ कुछ तेज रफ्तार की गेंद भी डालीं। लेकिन 24वें ओवर की आखिरी गेंद कॉनवे के बल्ले का अंदरूनी किनारा लेकर विकेटों पर लग गई। अगर कुलदीप यादव ने पांचवें ओवर में थर्ड मैन पर एक आसान कैच पकड़ लिया होता तो भारत को पहले विकेट के लिए इंतजार नहीं करना पड़ता, तब निकोल्स पांच रन पर थे। सिराज ने एक धीमी गेंद पर विल यंग को आउट किया जबकि प्रसिद्ध कृष्णा (60 रन देकर दो विकेट) ने 37वें ओवर में मिचेल हे (12) को पवेलियन भेजा। ग्लेन फिलिप्स थोड़े सुस्त दिखे जिन्हें कुलदीप ने आउट किया। न्यूजीलैंड के कप्तान माइकल ब्रेसवैल को श्रेयस अय्यर से शानदार हिट से रन आउट किया। क्लार्क ने 17 गेंद में तीन चौके से नाबाद 24 रन बनाए।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in