ICC T-20 World Cup : अमेरिका ने नीदरलैंड को 93 रन से हराया

मुक्कमल्ला और अंत में शुभम रंजने की नाबाद 48 रन की पारी से अमेरिका ने छह विकेट पर 196 रन का प्रतिस्पर्धी स्कोर खड़ा किया
 ICC T-20 World Cup : अमेरिका ने नीदरलैंड को 93 रन से हराया
Published on

चेन्नई : अमेरिका ने साईतेजा मुक्कमल्ला (79 रन) के अर्द्धशतक और बाएं हाथ के स्पिनर हरमीत सिंह (21 रन देकर चार विकेट) के चार विकेट की मदद से शुक्रवार को यहां आईसीसी टी-20 विश्व कप के ग्रुप ए मैच में नीदरलैंड को 93 रन से हराकर अपनी पहली जीत दर्ज की।अमेरिका की यह नीदरलैंड पर टी-20 अंतरराष्ट्रीय में पहली जीत है। मुक्कमल्ला और अंत में शुभम रंजने की नाबाद 48 रन की पारी से अमेरिका ने छह विकेट पर 196 रन का प्रतिस्पर्धी स्कोर खड़ा किया। मुक्कमल्ला की 51 गेंद की पारी में पांच चौके और चार छक्के जड़े थे। फिर पूर्व भारतीय अंडर-19 स्टार हरमीत के चार ओवर में चार विकेट और शाडली वान शाल्कविक के 2.5 ओवर में 21 रन देकर तीन विकेट झटकने से अमेरिका ने नीदरलैंड को 15.5 ओवर में महज 103 रन पर समेट दिया।

हरमीत का यह प्रदर्शन अमेरिका के लिए टी-20 विश्व कप मैच में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन भी रहा। मोहम्मद मोहसिन ने तीन ओवर में 19 रन देकर दो विकेट झटके। बाएं हाथ के स्पिन नोसतुश केंजिगे को भी एक विकेट मिला। नीदरलैंड का कोई भी बल्लेबाज बड़ी साझेदारी नहीं कर सका। उसके लिए बास डि लीडे 23 रन बनाकर शीर्ष स्कोरर रहे। उनके अलावा कप्तान स्कॉट एड्वर्ड्स ने 20 रन का योगदान दिया। इससे पहले मुक्कमल्ला ने कप्तान मोनंक पटेल (36) के साथ दूसरे विकेट के लिए 55 रन और मुंबई के पूर्व ऑलराउंडर रंजने (24 गेंद, तीन चौके, दो छक्के) के साथ चौथे विकेट के लिए 54 रन जोड़े।

हैदराबाद में वीवीएस लक्ष्मण की क्रिकेट अकादमी में ट्रेनिंग ले चुके मुक्कमल्ला की बल्लेबाजी की खासियत उनके ‘ऑफ-साइड’ पर लगाए गए शॉट रहे जिसमें कवर्स के ऊपर लगे छक्के शामिल थे। वहीं रंजने ने पारी के अंत में नीदरलैंड के गेंदबाजों की योजना को असफल करते हुए रन जुटाए। पाकिस्तान के खिलाफ अर्द्धशतक जड़ने वाले रंजने अच्छी फॉर्म में थे। जब दोनों खेल रहे थे तो लग रहा था कि स्कोर 200 रन के पार हो जाएगा। हालांकि लोगान वान बीक और बास डि लीडे ने धीमी पिच का फायदा उठाते हुए उन्हें इससे पहले ही रोक दिया। नीदरलैंड के पूर्व तेज गेंदबाज टिम डि लीडे के बेटे डि लीडे ने अपने चार ओवर में 37 रन देकर तीन विकेट लिए।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in