उम्मीद है कि युवा भारतीय बल्लेबाज अगले सत्र में बेहतर प्रदर्शन करेंगे : द्रविड़

पंजाब किंग्स के खिलाफ रविवार को यहां 10 रन से हारने पर राजस्थान रॉयल्स को लगातार पांचवीं हार का सामना करना पड़ा
उम्मीद है कि युवा भारतीय बल्लेबाज अगले सत्र में बेहतर प्रदर्शन करेंगे : द्रविड़
Published on: 

जयपुर : मुख्य कोच राहुल द्रविड़ को उम्मीद है कि राजस्थान रॉयल्स के युवा भारतीय खिलाड़ियों को जल्द ही अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने का मौका मिलेगा जिससे उन्हें अगले इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) सत्र के लिए मजबूत वापसी करने में मदद मिलेगी। पंजाब किंग्स के खिलाफ रविवार को यहां 10 रन से हारने पर राजस्थान रॉयल्स को लगातार पांचवीं हार का सामना करना पड़ा। द्रविड़ ने मैच के बाद प्रेस कांफ्रेंस में कहा, ‘हमारे पास बहुत सारे युवा, अच्छे भारतीय बल्लेबाज हैं। आज भी जायसवाल ने, वैभव ने, ध्रुव जुरेल ने जैसी बल्लेबाजी की।

संजू, रियान ने दम दिखाया, उसे देखते हुए वे एक साल में और भी बेहतर होंगे।’ द्रविड़ ने फिर बताया कि रॉयल्स के युवा खिलाड़ी एक साल बाद कैसे बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं। उन्होंने कहा, ‘वैभव सूर्यवंशी बहुत क्रिकेट खेलेंगे जैसे भारत अंडर-19 में। रियान पराग भी बहुत क्रिकेट खेलेंगे। इसलिए मुझे लगता है कि ये सभी खिलाड़ी पूरे साल भारत के लिए बहुत क्रिकेट खेलेंगे जो मुश्किल क्रिकेट, अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट होगा।’ द्रविड़ ने कहा, ‘इसलिए उम्मीद है कि जब वे अगले साल यहां वापस आएंगे तो वे अधिक अनुभवी होंगे।

ये बहुत प्रतिभाशाली खिलाड़ी हैं।’ द्रविड़ को लगा कि राजस्थान के गेंदबाज और बल्लेबाज मैच में ‘फिनिशिंग टच’ नहीं दे सके जिससे इस सत्र में टीम का प्रदर्शन खराब रहा। उन्होंने कहा, ‘हम करीब पहुंच गए हैं लेकिन काम पूरा नहीं कर पाए। यह उन सत्रों में से एक रहा है, जहां आपको हमेशा लगता है कि गेंद से हमने 15-20 रन अतिरिक्त दिए और बल्ले से अच्छी स्थिति में पहुंचने के बाद निचले मध्यक्रम के साथ हम अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए और बड़े शॉट नहीं लगा पाए, जिनकी हमें जरूरत थी।’

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in