

नयी दिल्ली : सीनियर ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या को ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ अक्टूबर में होने वाली तीन मैच की एकदिवसीय सीरीज के लिए भारत ए टीम में शामिल किया गया है लेकिन उनका खेलना पूर्ण फिटनेस हासिल करने पर निर्भर करेगा। भारतीय क्रिकेट बोर्ड (BCCI) ने बुधवार को यह जानकारी दी। पांड्या ने अपना पिछला प्रतिस्पर्धी मुकाबला इंडियन प्रीमियर लीग के पिछले सत्र में मुंबई इंडियन्स के लिए खेला था। इसके बाद से यह 32 वर्षीय खिलाड़ी विभिन्न चोटों के कारण प्रतिस्पर्धी क्रिकेट से दूर है। फिलहाल वह जांघ की चोट से उबर रहे हैं।
ऑस्ट्रेलिया ए के भारत दौरे की शुरुआत 22 सितंबर को पुडुचेरी में बहुदिवसीय मुकाबले के साथ होगी जबकि इसी स्थल पर दूसरा मैच 29 सितंबर से खेला जाएगा। बहुदिवसीय मुकाबलों के बाद पुडुचेरी में ही तीन एकदिवसीय मैच की सीरीज होगी जिसके मुकाबले छह, नौ और 11 अक्टूबर को खेले जाएंगे। भारत की सीनियर टीम भी वेस्टइंडीज के खिलाफ 27 और 30 सितंबर तथा तीन अक्टूबर केा तीन एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैच की सीरीज खेलेगी।
देवदत्त पडिक्कल बहुदिवसीय सीरीज में भारत ए की अगुवाई करेंगे जबकि सीमित ओवरों की टीम की कमान रुतुराज गायकवाड़ को सौंपी गई है। पैर की चोट से उबरने के बाद साई सुदर्शन को बहुदिवसीय मुकाबलों के लिए भारत ए का उप कप्तान बनाया गया है।
भारत ए बहुदिवसीय टीम : देवदत्त पडिक्कल (कप्तान), साई सुदर्शन, अमन मोखाडे, आयुष पांडे, यश राठौड़, शेख रशीद, कुमार कुशाग्र, शम्स मुलानी, तनुष कोटियान, तुषार देशपांडे, अंशुल कंबोज, प्रफुल्ल हिंगे, एन जगदीशन, नचिकेत भुटे, वी विशाक।
भारत ए एकदिवसीय टीम : रुतुराज गायकवाड़ (कप्तान), देवदत्त पडिक्कल, प्रियांश आर्य, साई सुदर्शन, रजत पाटीदार, कुमार कुशाग्र, निशांत सिंधू, विपराज निगम, अर्शीन कुलकर्णी, अरशद खान, नमन धीर, हार्दिक पांड्या, प्रभसिमरन सिंह, गुरजपनीत सिंह, यश ठाकुर।