जीत का सिलसिला जारी रखने उतरेगा गुजरात

पिछले कुछ सप्ताह में इन दोनों टीमों का प्रदर्शन बिल्कुल विपरीत रहा है। गुजरात टाइटंस ने अपने अभियान की शुरुआत लगातार दो हार के साथ की थी, लेकिन उसके बाद उसने लगातार तीन मैच जीत कर लय हासिल कर ली है और वह तालिका में छठे स्थान पर पहुंच गई है
जीत का सिलसिला जारी रखने उतरेगा गुजरात
Salman Ali
Published on

अहमदाबाद : पिछले तीन मैच में जीत हासिल करके आत्मविश्वास से भरी गुजरात टाइटंस की टीम सोमवार को यहां होने वाले इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के मैच में लगातार हार से दबाव में चल रही मुंबई इंडियंस के खिलाफ अपनी जीत का सिलसिला जारी रखने की कोशिश करेगी। पिछले कुछ सप्ताह में इन दोनों टीमों का प्रदर्शन बिल्कुल विपरीत रहा है। गुजरात टाइटंस ने अपने अभियान की शुरुआत लगातार दो हार के साथ की थी, लेकिन उसके बाद उसने लगातार तीन मैच जीत कर लय हासिल कर ली है और वह तालिका में छठे स्थान पर पहुंच गई है। इसके बिल्कुल विपरीत मुंबई ने अपने पहले मैच में जीत के साथ शुरुआत की, लेकिन उसके बाद से उसका प्रदर्शन खराब होता चला गया है।

उसे लगातार चार हार का सामना करना पड़ा है और उनकी हार का अंतर बहुत बड़ा रहा है, जिससे वह नौवें स्थान पर खिसक गया है। पांच बार की चैंपियन टीम मुंबई पर खराब प्रदर्शन के कारण काफी दबाव है और उसे अगर अपनी उम्मीदों को जीवंत रखना है तो अब हर हाल में जीत हासिल करनी होगी। उसकी टीम पावरप्ले में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाई है। इसके अलावा मध्यक्रम के बल्लेबाजों के अनियमित प्रदर्शन और गेंदबाजी आक्रमण में धार की कमी ने उसे बुरी तरह प्रभावित किया है। भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव और तिलक वर्मा मुंबई इंडियंस के मध्यक्रम के मुख्य आधार रहे हैं लेकिन यह दोनों ही अभी तक अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं। सूर्यकुमार ने भले ही एक अर्द्धशतक लगाया है लेकिन उनके प्रदर्शन में निरंतरता का अभाव है।

दूसरी तरफ तिलक बेहद खराब फॉर्म में हैं और पांच पारियों में सिर्फ 43 रन ही बना पाए हैं। कप्तान हार्दिक पांड्या का प्रदर्शन भी कुछ खास अच्छा नहीं रहा है। उन्होंने चार मैचों में सिर्फ 81 रन बनाए हैं, जिससे मुंबई की बल्लेबाजी की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। मुंबई की समस्या केवल बल्लेबाजी तक ही सीमित नहीं है बल्कि उसके गेंदबाज भी नहीं चल पा रहे हैं। तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह अभी तक विकेट नहीं ले पाना उसके लिए बड़ी चिंता का विषय है। उन्होंने भले ही किफायती गेंदबाजी की है लेकिन बल्लेबाज उनके सामने जोखिम लेने से बचते हुए उन्हें आसानी से खेल रहे हैं। अन्य गेंदबाज भी अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं। शार्दुल ठाकुर और दीपक चाहर महत्वपूर्ण मौकों पर विकेट नहीं ले पाए हैं जबकि हार्दिक भी गेंदबाजी में कोई कमाल नहीं दिखा पाए हैं।

उनके स्पिनरों के प्रदर्शन में भी निरंतरता नहीं है। हर बल्लेबाज रोहित शर्मा के चोटिल होने से मुंबई की समस्या और बढ़ गई है। वह रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू के खिलाफ मैच में चोटिल हो गए थे और पंजाब किंग्स के खिलाफ पिछला मैच नहीं खेल पाए थे। इसके विपरीत गुजरात टाइटंस ने अपनी समस्याओं के बावजूद जीत हासिल करने के तरीके खोज लिए हैं। उसकी बल्लेबाजी अभी भी शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों पर काफी हद तक निर्भर है, जिसमें कप्तान शुभमन गिल, साई सुदर्शन और जोस बटलर ही अधिकतर रन बनाने का जिम्मा संभालते हैं। ग्लेन फिलिप्स, वाशिंगटन सुंदर और राहुल तेवतिया जैसे मध्यक्रम के बल्लेबाज अभी तक विश्वसनीय प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं। गेंदबाजी की बात करें तो गुजरात टाइटंस के गेंदबाजों ने टुकड़ों में अच्छा प्रदर्शन किया है। मोहम्मद सिराज और कागिसो रबाडा कई बार महंगे साबित हुए हैं, जबकि प्रसिद्ध कृष्णा और राशिद खान का प्रदर्शन उतार-चढ़ाव वाला रहा है।

गुजरात टाइटंस : शुभमन गिल (कप्तान), अनुज रावत, जोस बटलर, कुमार कुशाग्र, ग्लेन फिलिप्स, राशिद खान, मानव सुथार, निशांत सिंधु, राहुल तेवतिया, वॉशिंगटन सुंदर, गुरनूर बराड़, अरशद खान, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, कगिसो रबाडा, आर साई किशोर, इशांत शर्मा, अशोक शर्मा, जेसन होल्डर, टॉम बैंटन, ल्यूक वुड, साई सुदर्शन, एम शाहरुख खान, जयंत यादव, कुलवंत खेजरोलिया।

मुंबई इंडियंस : हार्दिक पांड्या (कप्तान), क्विंटन डीकॉक (विकेटकीपर), दानिश मालेवार, रॉबिन मिंज (विकेटकीपर), रयान रिकेलटन (विकेटकीपर), शेरफेन रदरफोर्ड, रोहित शर्मा, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, अथर्व अंकोलेकर, राज बावा, कॉर्बिन बॉश, विल जैक्स, मयंक रावत, नमन धीर, मिचेल सेंटनर, शार्दुल ठाकुर, अश्विनी कुमार, ट्रेंट बोल्ट, जसप्रीत बुमराह, दीपक चाहर, एएम गजनफर, मयंक मार्कंडेय, मो. इजहार, रघु शर्मा।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in