GT के गेंदबाजों ने हमें चारों खाने चित किया : विटोरी

साई सुदर्शन (61) और वाशिंगटन सुंदर (50) के अर्द्धशतकों की बदौलत गुजरात ने पांच विकेट पर 168 रन बनाए। इसके जवाब में सनराइजर्स की टीम 86 रन पर आउट हो गई। गुजरात की तरफ से कैगिसो रबाडा और जेसन होल्डर ने तीन-तीन जबकि प्रसिद्ध कृष्णा ने दो और मोहम्मद सिराज ने एक विकेट लिया
फाइल फोटो
फाइल फोटो
Published on

अहमदाबाद : सनराइजर्स हैदराबाद के मुख्य कोच डेनियल विटोरी ने स्वीकार किया कि यहां खेले गए इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के मैच में गुजरात टाइटंस की मजबूत टीम ने अपने शानदार गेंदबाजी प्रदर्शन से उनकी टीम को चारों खाने चित करने में कोई कसर नहीं छोड़ी। साई सुदर्शन (61) और वाशिंगटन सुंदर (50) के अर्द्धशतकों की बदौलत गुजरात ने पांच विकेट पर 168 रन बनाए। इसके जवाब में सनराइजर्स की टीम 86 रन पर आउट हो गई। गुजरात की तरफ से कैगिसो रबाडा और जेसन होल्डर ने तीन-तीन जबकि प्रसिद्ध कृष्णा ने दो और मोहम्मद सिराज ने एक विकेट लिया।

विटोरी ने मैच के बाद संवाददाताओं से कहा, ‘गुजरात टाइटंस का प्रदर्शन वास्तव में शानदार रहा। उन्होंने गेंदबाजी में हम पर दबाव बनाया। उनके बल्लेबाजों ने भी अच्छा प्रदर्शन किया। हम जानते थे कि हमें उनकी मजबूत गेंदबाजी का सामना करना है। पांच तेज गेंदबाजों के साथ राशिद खान का सामना करना हमेशा चुनौतीपूर्ण होता है।’ उन्होंने कहा, ‘हमें वैसी शुरुआत नहीं मिली जैसी हम चाहते थे और उन्होंने इसका फायदा उठाया। उनकी गेंदबाजी शानदार थी।’

विटोरी ने कहा, ‘गुजरात की टीम मजबूत है और उनके खेलने की एक अलग शैली है जिसे वे जरूरत पड़ने पर अपना सकते हैं। हमारे लिए मुख्य चुनौती उनके गेंदबाजों का सामना करना था और उन्होंने प्रभावशाली प्रदर्शन किया।’ गुजरात के बाएं हाथ के स्पिनर साई किशोर ने पावरप्ले में रबाडा और सिराज के शानदार प्रदर्शन की प्रशंसा की। किशोर ने कहा, ‘सिराज और रबाडा अपनी लेंथ पर शानदार गेंदबाजी कर रहे हैं और टेस्ट मैच के काबिल गेंदबाजों का टीम में होने से यही फायदा मिलता है।’

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in