

मुंबई : अनिल कुंबले और हरभजन सिंह जैसे पूर्व दिग्गज स्पिनरों ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ संजू सैमसन के शतक की जमकर सराहना करते हुए इसे परिस्थिति के हिसाब से सबसे बेहतरीन पारियों में से एक करार दिया। सैमसन की 54 गेंद पर नाबाद 101 रन की पारी से चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) ने छह विकेट पर 207 रन बनाने के बाद मुंबई इंडियंस को 104 रन पर आउट कर बड़ी जीत दर्ज की। मौजूदा सत्र में यह सैमसन का दूसरा शतक है। पूर्व स्पिनर कुंबले ने स्टार स्पोर्ट्स पर कहा, 'CSK की सफलता अक्सर उनके सलामी बल्लेबाजों की मजबूत शुरुआत पर टिकी रही है लेकिन पिछले कुछ सत्र में टीम को इस मामले में निराशा मिली है। सैमसन ने इस जिम्मेदारी को उठाने की कोशिश की है।
सिर्फ सात मैचों में दो नाबाद शतक, और उन्होंने टीम को संभालने में अहम भूमिका निभाई है।' इस महान लेग स्पिनर ने कहा, 'यह उस भूमिका की तरह है जो जोस बटलर ने राजस्थान की फाइनल तक की यात्रा में निभाई थी और आप साफ देख सकते हैं कि संजू ने अपने खेल में उसी तरह का प्रभाव अपनाया है।' भारत के पूर्व ऑफ स्पिनर हरभजन सिंह ने इस शतक को सैमसन की सबसे बेहतरीन पारियों में से एक करार दिया। उन्होंने कहा, 'संजू सैमसन इसलिए अलग नजर आए क्योंकि उनकी खेल की समझ बहुत मजबूत थी। बहुत से खिलाड़ियों में प्रतिभा होती है, लेकिन बहुत कम खिलाड़ी यह समझ पाते हैं कि अलग-अलग परिस्थितियों में पारी को कैसे गति देनी है।
उन्होंने यह समझा कि खासकर एक युवा टीम के साथ अंत तक टिके रहना कितना जरूरी है।' हरभजन ने कहा, 'अर्द्धशतक के बाद उन्होंने गति बदली, एक और दो रन दौड़कर चुराने पर ध्यान दिया और सुनिश्चित किया कि वे आखिरी चरण तक टिके रहें। दूसरी तरफ विकेट गिरते रहे, लेकिन उन्होंने जिम्मेदारी ली और मजबूत अंत किया।' उन्होंने कहा, 'मेरे लिए यह समझ और दृढ़ संकल्प के लिहाज से सबसे बेहतरीन पारियों में से एक थी।' सैमसन की शतकीय पारी के बाद वेस्टइंडीज के बाएं हाथ के स्पिनर अकील हुसैन (17 रन पर चार विकेट) और नूर अहमद (23 रन पर दो विकेट) ने मैच जिताने वाला प्रदर्शन किया और टीम को 103 रनों की बड़ी जीत दिलाई। CSK स्पिनरों की आक्रामक सोच पर हरभजन ने कहा, 'जो बात सबसे ज्यादा खास थी, वह थी विकेट लेने की नीयत।
वे सच में गेंद को स्पिन करा रहे थे। मौजूदा दौर के T-20 क्रिकेट में ऐसा कम ही दिखता है। इस पिच पर टर्न काफी था और उन्होंने इसका शानदार इस्तेमाल किया।' भारत और CSK के पूर्व बल्लेबाज सुरेश रैना ने भी सैमसन की पारी की तारीफ की। रैना ने कहा, 'संजू सैमसन शानदार रहे क्योंकि उन्होंने अपनी पारी को समझदारी से बनाया। उन्होंने शुरुआत में समय लिया और अच्छी गेंदों का सम्मान किया, खासकर जसप्रीत बुमराह जैसे गेंदबाज के खिलाफ।' इस बाएं हाथ के बल्लेबाज ने कहा, 'साथ ही उन्होंने खराब गेंदों का पूरा फायदा उठाया और गेंद को बहुत अच्छे से प्लेस किया। धैर्य और आक्रामकता के बीच यह संतुलन ही सबसे खास रहा।'