ध्रुव जुरेल ने स्पिनरों के खिलाफ जमकर अभ्यास किया

श्रीलंकाई स्पिनरों की चुनौती से पहले ध्रुव जुरेल ने गॉल की भीषण गर्मी में लंबा नेट सेशन किया, केएल राहुल से टिप्स लेकर कमजोरियों पर काम किया
ध्रुव जुरेल ने स्पिनरों के खिलाफ जमकर अभ्यास किया
Shailendra Bhojak
Published on

गॉल : पिछले कुछ समय से अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाने वाले ध्रुव जुरेल ने यहां भीषण गर्मी में भी जमकर अभ्यास किया तथा अपने सीनियर साथी केएल राहुल से ‘टिप्स’ भी लिए। जुरेल का अंतिम एकादश में चयन पक्का नहीं है लेकिन वह अपनी तरफ से किसी तरह की कसर नहीं छोड़ना चाहते हैं। वह तेज गेंदबाजों और स्पिनरों दोनों लगभग हर गेंद को सही ढंग से खेल रहे थे। उससे पहले वह फील्डिंग अभ्यास सत्र में सक्रिय रूप से मौजूद थे। उन्होंने स्लिप कॉर्डन पर कुछ शानदार कैच भी पकड़े। वह काफी उत्साहित दिख रहे थे।

पिछले साल अक्टूबर में अहमदाबाद में वेस्टइंडीज के खिलाफ आत्मविश्वास से भरी शतकीय पारी खेलने के बाद वह टेस्ट मैचों में 44, 6, 14, 13, 0, 2 और 19 रन ही बना पाए हैं। इससे भी ज्यादा चिंताजनक बात यह है कि उन सात मैचों में से पांच में उन्हें स्पिनरों ने आउट किया है। यहां पहले टेस्ट में उन्हें श्रीलंकाई स्पिनरों के खिलाफ और भी कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ेगा जिनकी अगुवाई प्रभात जयसूर्या कर रहे हैं।

सरफराज खान को टीम में शामिल करना इस विकेटकीपर बल्लेबाज के लिए एक चेतावनी है कि वह अपने प्रदर्शन में सुधार करें या उन्हें टीम से बाहर कर दिया जाएगा। सरफराज स्पिनरों के खिलाफ अपने शॉट जैसे स्वीप, रिवर्स स्वीप, आगे बढ़कर शॉट लगाना और कट का बखूबी उपयोग करते हैं। इसके विपरीत जुरेल स्पिनरों की गलती का इंतजार करते हैं।

इसलिए यह देखकर हैरानी नहीं हुई कि जुरेल ने की अभ्यास के दौरान राहुल के साथ कुछ समय बिताया, जिन्हें यहां की परिस्थितियों में खेलने का अनुभव है। राहुल ने मुंबई में विशेष रूप से तैयार की गई पिचों पर इस दौरे के लिए तैयारी की थी और जुरेल निश्चित रूप से उनसे कुछ ‘टिप्स’ ले रहे होंगे।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in