डेवोन कॉनवे न्यूजीलैंड टीम से बाहर

न्यूजीलैंड के नए मुख्य कोच रॉब वाल्टर ने शुक्रवार को टीम की घोषणा की
डेवोन कॉनवे न्यूजीलैंड टीम से बाहर
Published on: 

वेलिंगटन : सलामी बल्लेबाज डेवॉन कॉनवे को अगले महीने मेजबान जिंबॉब्वे और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ होने वाली टी-20 त्रिकोणीय सीरीज के लिए न्यूजीलैंड की टीम में नहीं चुना गया है। न्यूजीलैंड के नए मुख्य कोच रॉब वाल्टर ने शुक्रवार को टीम की घोषणा की। यह अनुभवी बल्लेबाज उन कई प्रमुख खिलाड़ियों में से एक हैं जिन्होंने विदेशों में पेशेवर टी-20 लीग में खेलने के लिए न्यूजीलैंड क्रिकेट के साथ केंद्रीय अनुबंध को ठुकरा दिया था।

कॉनवे ने न्यूजीलैंड की तरफ से आखिरी मैच पिछले साल जून में टी-20 विश्व कप में खेला था। पूर्व कप्तान केन विलियमसन इंग्लैंड की काउंटी चैंपियनशिप में मिडिलसेक्स के लिए खेल रहे हैं और उन्होंने स्वयं को अनुपलब्ध बताया। ऑकलैंड के बल्लेबाज बेवॉन जैकब्स 15 सदस्यीय टीम में एकमात्र ऐसे खिलाड़ी हैं जिन्होंने अभी तक कोई अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं खेला है। 23 वर्षीय जैकब्स दिसंबर में श्रीलंका के खिलाफ खेलने वाली न्यूजीलैंड टीम के सदस्य थे, लेकिन उन्होंने कोई मैच नहीं खेला।

तेज गेंदबाज एडम मिल्ने को अमेरिका में मेजर लीग क्रिकेट में अच्छा प्रदर्शन करने के बाद नवंबर के बाद पहली बार टीम में शामिल किया गया है। बल्लेबाज फिन एलन और टिम सीफर्ट की भी टीम में वापसी हुई है, जिसकी कप्तानी मिशेल सेंटनर करेंगे। एलन ने हाल ही में मेजर लीग क्रिकेट में सैन फ्रांसिस्को यूनिकॉर्न्स के लिए 151 रन की पारी में 19 छक्के लगाकर विश्व रिकॉर्ड बनाया था। त्रिकोणीय सीरीज 14 से 26 जुलाई तक हरारे में खेली जाएगी।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in