

गुवाहाटी : राजस्थान रॉयल्स ने तेज गेंदबाजों के लिए मददगार परिस्थितियों का पूरा फायदा उठाते हुए सोमवार को यहां इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) T-20 सत्र के अपने शुरुआती मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स को 127 रन पर समेट दिया। बारिश के कारण पिच कुछ समय तक ढकी रहने के बाद राजस्थान के कप्तान रियान पराग ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया, जो पूरी तरह सही साबित हुआ। चेन्नई सुपर किंग्स की बल्लेबाजी बेहद निराशाजनक रही।
पिछले सत्र में अंक तालिका में निचले पायदान पर रहने वाली दोनों टीमों ने इस सत्र से पहले अपने स्टार खिलाड़ियों रविंद्र जडेजा और संजू सैमसन की अदला-बदली की थी। जडेजा की राजस्थान में वापसी सफल रही और उन्होंने अपने पहले ही ओवर में दो विकेट झटके। वहीं, भारत की T-20 विश्व कप जीत के हीरो सैमसन चेन्नई सुपर किंग्स में अपने पदार्पण पर प्रभाव छोड़ने में नाकाम रहे। नांद्रे बर्गर की गेंद पर मिड-विकेट के ऊपर शॉट खेलने के प्रयास में उनका ऑफ स्टंप उखड़ गया।
पावरप्ले के दौरान नांद्रे बर्गर और जोफ्रा आर्चर ने गेंद को शानदार तरीके से स्विंग कराया। बर्गर ने जहां सैमसन को आउट किया, वहीं आर्चर ने कप्तान रुतुराज गायकवाड़ को चलता किया। गायकवाड़ ऑफ साइड पर बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में बोल्ड हो गए। बर्गर ने दूसरे ओवर में आयुष म्हात्रे को बाउंसर से चौंकाया। गेंद उनके ग्लव्स से लगकर विकेटकीपर के पास चली गई, जिससे बर्गर के पास हैट्रिक का मौका बना, लेकिन सरफराज खान ने रक्षात्मक खेल दिखाते हुए उसे टाल दिया।
आठवें ओवर में जडेजा को गेंदबाजी के लिए लाया गया और उन्होंने सरफराज (17) को पगबाधा आउट किया। इसके चार गेंद बाद शिवम दुबे (6) भी लंबा शॉट लगाने के प्रयास में कैच आउट हो गए, जिससे चेन्नई का स्कोर आठ ओवर में छह विकेट पर 56 रन हो गया। इसके बाद चेन्नई की टीम वापसी नहीं कर सकी, हालांकि जेमी ओवरटन ने 36 गेंदों में 43 रन की उपयोगी पारी खेली। राजस्थान के मध्यम गति के गेंदबाज बृजेश शर्मा ने अपने पदार्पण पर कार्तिक शर्मा (18) का विकेट लिया। आर्चर, बर्गर और जडेजा ने दो-दो विकेट लेकर राजस्थान की ओर से शानदार गेंदबाजी का प्रदर्शन किया।