BCCI ने RR मैनेजर पर जुर्माना लगाया

यह जानकारी BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने शुक्रवार को को दी। यह उल्लंघन 10 अप्रैल को गुवाहाटी में राजस्थान रॉयल्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू के बीच खेले गए IPL मैच के दौरान हुआ था
BCCI ने RR मैनेजर पर जुर्माना लगाया
Published on

नयी दिल्ली : भारतीय क्रिकेट बोर्ड (BCCI) ने राजस्थान रॉयल्स के टीम मैनेजर रोमी भिंडर पर डगआउट में फोन के इस्तेमाल को लेकर भ्रष्टाचार रोधी नियमों के उल्लंघन का आरोप लगाते हुए एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया है और बोर्ड के कारण बताओ नोटिस का संतोषजनक जवाब न देने पर उन्हें चेतावनी भी जारी की है। यह जानकारी BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने शुक्रवार को को दी। यह उल्लंघन 10 अप्रैल को गुवाहाटी में राजस्थान रॉयल्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू के बीच खेले गए IPL मैच के दौरान हुआ था। इसके बाद शरद कुमार के नेतृत्व वाली BCCI की भ्रष्टाचार रोधी इकाई (ACU) ने भिंडर को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा। सैकिया ने बताया कि ACU भिंडर के जवाब से संतुष्ट नहीं थी, जिसके बाद उन्हें दोषी पाया गया।

IPL खिलाड़ियों एवं मैच अधिकारियों के क्षेत्र (PMOA) प्रोटोकॉल के अनुसार, डगआउट में फोन का इस्तेमाल वर्जित है, जबकि ड्रेसिंग रूम में इसकी अनुमति है। उन्होंने कहा, 'शरद कुमार के नेतृत्व वाली टीम ने भिंडर के जवाब की जांच की और उन्हें दोषी पाया। नोटिस पर उनका जवाब संतोषजनक नहीं था।' सैकिया ने कहा, 'उन्हें प्रोटोकॉल का उल्लंघन करने का दोषी पाया गया है। चूंकि यह पहली बार का अपराध है, इसलिए उन पर एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है और चेतावनी जारी की गई है।' IPL ने एक बयान में कहा,‘गलती को स्वीकार करते हुए भिंडर ने बिना शर्त माफी मांग ली है।’

RCB के खिलाफ मैच के दौरान डगआउट में भिंडर को युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी के साथ स्मार्टफोन का इस्तेमाल करते हुए देखा गया था। भिंडर के करीबी सूत्रों ने बताया कि वह स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे हैं और उन्हें लंबी दूरी तक चलने तथा सीढ़ियां चढ़ने में दिक्कत होती है। सूत्र ने कहा, 'डगआउट में फोन का इस्तेमाल सख्त मना है और IPL में लंबे समय से जुड़े होने के कारण, मुझे यकीन है कि भिंडर इस बात से अवगत थे। यह अनजाने में भी हो सकता था, लेकिन BCCI ने इस मामले को उचित तरीके से निपटा दिया है।'

प्रोटोकॉल के अनुसार, टीम के कुछ सदस्यों को छोड़कर PMOA में मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक संचार उपकरणों का उपयोग वर्जित है। IPL के 2026 के PMOA प्रोटोकॉल में कहा गया है, 'मैनेजर ड्रेसिंग रूम क्षेत्र में फोन का उपयोग कर सकते हैं, लेकिन डगआउट में नहीं। विश्लेषक अपनी टेबल पर अपने कंप्यूटर का उपयोग कर सकते हैं। खिलाड़ियों और सहायक कर्मचारियों के फोन, स्मार्टवॉच या अन्य संचार उपकरण स्टेडियम पहुंचने पर बंद करके टीम के ‘SLO’ को सौंप दिए जाने चाहिए।' इसके अनुसार, 'मान्यता प्राप्त कर्मचारी, जैसे ड्रेसिंग रूम अटेंडेंट, IPL मैच मैनेजर, कैटरिंग स्टाफ आदि, PMOA में संचार उपकरण नहीं ले जा सकते।'  

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in