आयुष म्हात्रे ने तोड़ा जायसवाल का विश्व रिकार्ड

आयुष म्हात्रे ने तोड़ा जायसवाल का विश्व रिकार्ड
Published on

लिस्ट ए क्रिकेट में 150 रन बनाने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बने, 17 साल और 168 दिन की उम्र में किया कारनामा

अहमदाबाद : मुंबई के युवा आयुष म्हात्रे ने भारतीय टीम में अपनी जगह पक्की कर चुके यशस्वी जयसवाल का विश्व रिकार्ड तोड़ दिया। उन्होंने विजय हजारे ट्रॉफी मैच के दौरान मंगलवार को नगालैंड के खिलाफ लिस्ट ए क्रिकेट में 150 से अधिक रन बनाने के साथ ही इतने रन बनाने वाले सबसे कम उम्र का खिलाड़ी होने का नया विश्व रिकॉर्ड बनाया। म्हात्रे ने 17 साल और 168 दिन की उम्र में यह कारनामा किया है। जायसवाल ने जब 2019 में झारखंड के खिलाफ मुंबई के लिए खेलते हुए यह उपलब्धि हासिल की थी, उस समय उनकी उम्र 17 साल और 291 दिन थी।

117 गेंदों पर 181 रन बनाए : इस सत्र की शुरुआत में घरेलू दिग्गज मुंबई के लिए पदार्पण करने वाले म्हात्रे ने 11 छक्कों और 15 चौकों की मदद से केवल 117 गेंदों पर 181 रन बनाए। उनकी इस पारी से मुंबई ने 50 ओवर में सात विकेट पर 403 रन बनाये। मुंबई के विरार उपनगर के रहने वाले म्हात्रे ने इस सत्र की शुरुआत में टीम में शामिल होने के बाद से सभी प्रारूपों में शानदार प्रदर्शन किया है।

ईरानी कप विजेता मुंबई टीम का हिस्सा रहे : वह ईरानी कप विजेता मुंबई टीम का हिस्सा थे जिसने अक्टूबर में 27 साल के अंतराल के बाद शेष भारत को हराकर ट्रॉफी जीती थी। रणजी ट्रॉफी में अपने पदार्पण पर म्हात्रे ने 71 गेंदों में 52 रनों की शानदार पारी खेली लेकिन मुंबई ने यह सत्र का पहला मैच बड़ौदा के खिलाफ गंवा दिया। म्हात्रे ने इसके बाद महाराष्ट्र के खिलाफ 232 गेंदों में 22 चौकों और चार छक्कों की मदद से 176 रनों की शानदार पारी खेली जिससे मुंबई यह मैच नौ विकेट से जीता था। वह इसके बाद त्रिपुरा और ओडिशा के खिलाफ प्रभाव नहीं छोड़ सके थे लेकिन सेना के खिलाफ 149 गेंद में 116 रन की पारी के साथ प्रथम श्रेणी में अपना दूसरा शतक ठोका।

एशिया कप में थे अंडर-19 भारतीय टीम का हिस्सा : उन्होंने इसके बाद अंडर-19 एशिया कप में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व किया। म्हात्रे ने जापान (54) और यूएई (नाबाद 67) के खिलाफ अर्धशतकीय पारियां खेली लेकिन बांग्लादेश के खिलाफ फाइनल में सस्ते में आउट हो गये। वह सैयद मुश्ताक अली टी-20 ट्रॉफी में नहीं खेले लेकिन उन्होंने 50 ओवर के राष्ट्रीय टूर्नामेंट में कर्नाटक के खिलाफ 78 रन की शानदार पारी के साथ वापसी की।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in