खराब फील्डिंग की समस्या से उबरने के लिये रवैये में बदलाव करना होगा : हाडिन

भारतीय क्षेत्ररक्षकों खासकर यशस्वी जायसवाल ने पहले टेस्ट में कई कैच टपकाये
खराब फील्डिंग की समस्या से उबरने के लिये रवैये में बदलाव करना होगा : हाडिन
Published on

सिडनी : ऑस्ट्रेलिया के पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज ब्राड हाडिन का मानना है कि शुभमन गिल की कप्तानी वाली भारतीय टीम को इंग्लैंड के खिलाफ पांच टेस्ट मैचों की सीरीज में खराब फील्डिंग की समस्या से उबरने के लिये अपने रवैये में बदलाव करना होगा। भारतीय क्षेत्ररक्षकों खासकर यशस्वी जायसवाल ने पहले टेस्ट में कई कैच टपकाये।

भारत को बेन स्टोक्स की टीम ने पांच विकेट से हराकर सीरीज में 1-0 से बढत बना ली। ऑस्ट्रेलिया के लिये 66 टेस्ट खेल चुके हाडिन ने कहा, ‘हर दौर में हर महान टीम फील्डिंग में भी शानदार रही है। शुभमन गिल को भी इस टीम में इसकी शुरूआत करनी चाहिये। इसके लिये रवैये में बदलाव की जरूरत है। आप अच्छी फील्डिंग करना चाहते हैं और हर समय प्रतिस्पर्धी रहना चाहते हैं, यह रवैये की बात है।’

हाडिन ने कहा कि इंडियन प्रीमियर लीग में भी कैचिंग का स्तर बहुत खराब था। उन्होंने कहा, ‘इस साल आईपीएल में कैचिंग बहुत ही लचर रही। हमने प्रतिभाशाली गेंदबाजों और बल्लेबाजों की बात की लेकिन असल समस्या कैचिंग की थी।’ उन्होंने कहा, ‘मैं इतना जरूर कहूंगा कि सर्वश्रेष्ठ फील्डिंग टीम बनने का तरीका तलाशना होगा क्योंकि प्रतिभा की कमी नहीं है।’

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in