जापान को हराकर भारत सेमीफाइनल में

शेफाली वर्मा की तूफानी बल्लेबाजी और श्री चरणी की घातक स्पिन से भारत ने जापान को 8 विकेट से हराकर एशियाई खेलों के सेमीफाइनल में जगह बनाई
जापान को हराकर भारत सेमीफाइनल में
Atul Yadav
Published on: 

जापान : सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा के हरफनमौला प्रदर्शन और बायें हाथ की स्पिनर श्री चरणी की शानदार गेंदबाजी के दम पर पिछली चैंपियन भारतीय टीम ने अनुभवहीन जापान को शुक्रवार को आठ विकेट से हराकर एशियाई खेलों की महिला क्रिकेट स्पर्धा के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। श्री चरणी ने 10 रन देकर चार विकेट लिये जो T-20 क्रिकेट में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। शेफाली वर्मा ने 13 रन देकर दो विकेट चटकाये। जापान की टीम 19 . 5 ओवर में 57 रन पर आउट हो गई। भारत ने यह लक्ष्य पांच ओवर में हासिल कर लिया।

अब भारत का सामना 20 सितंबर को बांग्लादेश से होगा। शेफाली ने 15 गेंद में नाबाद 40 रन बनाये जबकि रिचा घोष ने छह गेंद में 12 रन का योगदान दिया। जापान ने सलामी बल्लेबाज जी कमलिनी और तीसरे नंबर पर उतरी भारती फुलमाली को आउट किया। इससे पहले श्री चरणी की अगुवाई में भारत के अनुभवी स्पिनरों ने जापानी बल्लेबाजों की अनुभवहीनता का पूरा फायदा उठाते हुए उन्हें 57 रन पर आउट कर दिया। पहले गेंदबाजी का फैसला करने वाली भारतीय टीम ने जापान के बल्लेबाजों को हाथ खोलने ही नहीं दिये और पूरी पारी में सिर्फ तीन चौके लगे।

जापान के बल्लेबाजों को शीर्ष टीमों से खेलने या नियमित अभ्यास का मौका नहीं मिलता है और उनके लिये टर्न और उछाल लेती पिच पर भारत के गेंदबाजों का सामना कर पाना काफी मुश्किल था। पावरप्ले में 24 रन ही बने जिसमें दो चौके लगे। श्री चरणी ने सलामी बल्लेबाज हारूना इवासाकी (10) और कप्तान माइ यानागिडा को लगातार दो गेंदों पर पवेलियन भेजा। शेफाली ने 15वें ओवर में अयाका कातो और 17वें ओवर में शिमाको कातो के विकेट लिये। कुछ बल्लेबाज रन आउट भी हुए जिससे जापान की मुश्किलें और बढ गई।  

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News