Asian Games 2026 : भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम को किट का इंतजार

एशियाई खेलों से पहले भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम सही साइज की जर्सी और दो अलग-अलग किटों के इंतजार में, BCCI-IOA और किट सप्लायर के बीच समन्वय की कमी उजागर
फाइल फोटो
फाइल फोटो
Published on

नयी दिल्ली : भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम के सदस्य एशियाई खेलों के लिए अब भी सही साइज की किट का इंतजार कर रहे हैं जबकि उन्हें रविवार तड़के जापान रवाना होना है। खबरों के अनुसार खिलाड़ियों की जर्सी को लेकर भारतीय क्रिकेट बोर्ड (BCCI) और भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) के किट उपलब्ध कराने वाले जेएसडब्ल्यू इंस्पायर के बीच बातचीत हुई है। श्रेयस अय्यर की अगुवाई वाली टीम रविवार तड़के राष्ट्रीय राजधानी से रवाना होने वाली है। भारतीय खिलाड़ी 22 सितंबर को जापान के खिलाफ होने वाले एकमात्र T-20 अंतरराष्ट्रीय मैच में अपनी मानक पोशाक पहनेंगे।

इसके बाद वे 28 सितंबर से शुरू होने वाली क्रिकेट प्रतियोगिता के लिए एशियाई खेलों की आधिकारिक पोशाक पहनेंगे। IOA के एक सूत्र ने बताया, ‘क्रिकेटरों की पोशाक के साइज में कुछ समस्या थी, जिसे काफी हद तक ठीक कर लिया गया है। कुछ किटें बची हैं और उन्हें जल्द ही टीम को भेज दिया जाएगा। खिलाड़ियों को दो अलग-अलग पोशाक की जरूरत है (एक द्विपक्षीय मैचों के लिए और दूसरी एशियाई खेलों के लिए), इसलिए ऐसा हुआ होगा।’

इस बीच नागोया में अन्य भारतीय खिलाड़ियों को आवास मिलने में हो रही देरी को देखते हुए BCCI ने स्वयं होटल की व्यवस्था करने का फैसला किया है। भारतीय महिला टीम हालांकि IOA द्वारा उपलब्ध कराए गए आवास में रह रही है। एक सूत्र ने बताया, ‘महिला टीम के ठहरने की व्यवस्था में किसी तरह की समस्या नहीं आई। आयोजकों ने पुरुष टीम के लिए जो कमरे उपलब्ध कराए उनमें किट बैग रखने की भी जगह नहीं थी।

वहां ज्यादा बड़े होटल नहीं हैं, लेकिन BCCI ने जापान रवाना होने से कुछ समय पहले ही अपने स्तर पर व्यवस्था कर ली थी।’ एशियाई खेलों में भाग लेने वाले कुछ खिलाड़ियों को अपने आवास में पहुंचने से पहले घंटों इंतजार करना पड़ा। इस बार एशियाई खेलों ने किसी तरह के खेल गांव की व्यवस्था नहीं है और खिलाड़ियों को क्रूज जहाजों, कंटेनरों और होटलों में ठहराया जा रहा है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in