

कैनबरा : गेंदबाजी कोच आविष्कार साल्वी ने बुधवार को यहां कहा कि ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले महिला T-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में भारत की जीत में तेज गेंदबाजी अरुंधति रेड्डी के चार विकेट से पता चलता है कि वह कितनी तैयार हैं। अरुंधति ने सिडनी में 22 रन देकर चार विकेट चटकाए जिससे भारत ने ऑस्ट्रेलिया को सिर्फ 133 रन पर समेटने के बाद डकवर्थ लुईस पद्धति के तहत 21 रन से जीत दर्ज करके तीन मैच की सीरीज में 1-0 की बढ़त बनाई। साल्वी ने यहां दूसरे T-20 अंतरराष्ट्रीय की पूर्व संध्या पर संवाददाताओं से कहा, ‘अरुंधति बहुत मेहनती हैं। वह जिस भी टूर्नामेंट में जाती है उसके लिए पूरी तैयारी के साथ जाती है।’ उन्होंने कहा, ‘एक बहुत महत्वपूर्ण मैच में चार विकेट लेना।
असल में यह हम सभी के लिए खुशी की बात थी क्योंकि हम जानते हैं कि वह कितनी मेहनती है।’ साल्वी ने दिसंबर 2024 में वाका में तीसरे एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय में अरुंधति के 26 रन पर चार विकेट के प्रदर्शन को याद करते हुए कहा, ‘विश्व कप में उसे कोई मैच खेलने को नहीं मिला लेकिन वह WPL के दौरान भी खुद को तैयार कर रही थी। उसे एक मौका मिला और फिर ऑस्ट्रेलिया आकर उसने वहीं से शुरुआत की जहां उसने पिछली ऑस्ट्रेलिया सीरीज में पर्थ में चार विकेट लिए थे।’ अरुंधति जब आठवें ओवर में गेंदबाजी के लिए आई तो ऑस्ट्रेलिया का स्कोर दो विकेट पर 68 रन था।
उन्होंने फोबे लिचफील्ड, एलिस पैरी, जॉर्जिया वेयरहैम और डार्सी ब्राउन को आउट किया मेजबान टीम की पारी को समेटने में अहम भूमिका निभाई। साल्वी ने कहा, ‘वह रणनीति के हिसाब से एकदम सही थी। वह उस मैच में जो हासिल करना चाहती थी उसे लेकर बहुत आश्वस्त थी। जब वह गेंदबाजी करने आई तो रन रेट तेजी से बढ़ रहा था।’ उन्होंने कहा, ‘उसने अपनी रणनीति पर अच्छी तरह से अमल किया। जब उसने 22 रन देकर चार विकेट लिए तो मैं उसके लिए बहुत खुश था।’ साल्वी ने कहा कि दौरे के लिए अच्छी तैयारी करने से भारत को जीत से शुरुआत करने में मदद मिली। उन्होंने कहा, ‘सिडनी में वह जीत पूरी टीम के लिए आत्मविश्वास बढ़ाने वाली होगी क्योंकि हम जल्दी यहां आए थे और दौरे के लिए तैयारी की थी।’