

हैदराबाद : आईसीसी टी-20 अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग में शीर्ष पर काबिज अभिषेक शर्मा की 52 गेंद में 148 रन की आक्रामक पारी से पंजाब ने सैयद मुश्ताक अली टी-20 ट्रॉफी के एलीट ग्रुप सी मैच में रविवार को यहां बंगाल को 112 रन के बड़े अंतर से हराया। अभिषेक ने मोहम्मद शमी और आकाश दीप जैसे भारतीय गेंदबाजों की मौजूदगी वाली बंगाल के खिलाफ बेखौफ बल्लेबाजी करते हुए महज 12 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। यह इस प्रारूप में संयुक्त रूप से तीसरा जबकि भारत की ओर से संयुक्त रूप से दूसरा सबसे तेज अर्धशतक है।
अभिषेक ने अपनी पारी में 16 छक्के जड़े जिससे पंजाब ने पांच विकेट पर 310 रन बनाने के बाद बंगाल की पारी को नौ विकेट पर 198 रन पर रोक दिया। बंगाल के कप्तान अभिमन्यु ईश्वरन ने 66 गेंद में 130 रन का योगदान दिया । अभिषेक एक पारी में किसी भारतीय द्वारा सर्वाधिक छक्के लगाने के मामले में अब दूसरे स्थान पर आ गए हैं। पुनीत बिष्ट (17 छक्के) इस सूची में शीर्ष पर हैं, जिन्होंने मेघालय का प्रतिनिधित्व करते हुए मिजोरम के खिलाफ एक घरेलू मैच में यह उपलब्धि हासिल की थी।