व्यापार प्रदर्शनी में भाग लेने के लिए रूस जाएंगे भारतीय निर्यातक

भारत के लिए रूस एक महत्वपूर्ण व्यापारिक साझेदार रहा है और इंजीनियरिंग एवं उपकरण क्षेत्र में सहयोग की महत्वपूर्ण संभावनाएं हैं।
व्यापार प्रदर्शनी में भाग लेने के लिए रूस जाएंगे भारतीय निर्यातक
Published on: 

नयी दिल्ली : इंजीनियरिंग वस्तुओं के भारतीय निर्यातक इस सप्ताह मॉस्को में आयोजित चार दिवसीय प्रदर्शनी में भाग लेंगे। इसका उद्देश्य घरेलू वस्तुओं पर अमेरिका के लगाए भारी शुल्क के बीच देश के निर्यात को बढ़ावा देना है। भारतीय निर्यातकों का शीर्ष निकाय फियो के अध्यक्ष एससी रल्हन प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगे।

रल्हन ने कहा कि माइटेक्स-2025 घरेलू निर्यातकों को वैश्विक खरीदारों के सामने अपने गुणवत्तापूर्ण उत्पादों का प्रदर्शन करने के लिए एक मंच प्रदान करेगा। वाणिज्य सचिव राजेश अग्रवाल 14 नवंबर को मॉस्को में क्रेता-विक्रेता बैठक की अध्यक्षता करेंगे।

20 से अधिक भारतीय कंपनियों द्वारा हाथ से उपयोग होने वाले उपकरण, इंजीनियरिंग सामान, औद्योगिक हार्डवेयर, मशीनरी कलपुर्जे, फास्टनर और संबंधित औद्योगिक समाधान सहित उत्पादों की एक विस्तृत श्रृंखला प्रदर्शित करने की उम्मीद है।

क्या है उद्देश्य

माइटेक्स में भारत की भागीदारी का उद्देश्य वाणिज्यिक संबंधों को मजबूत करना और रूसी बाजार में भारतीय विनिर्माण उत्कृष्टता को बढ़ावा देना है। इससे दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापार को और बढ़ावा मिलेगा।

मॉस्को स्थित भारतीय दूतावास, वाणिज्य विभाग और फियो के सहयोग से, भारतीय निर्यातकों और रूसी उद्योग प्रतिनिधियों के बीच व्यापारिक बैठकें आयोजित करेगा ताकि व्यापार साझेदारी, संयुक्त उद्यम और बाजार संबंधों को सुगम बनाया जा सके।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in