

नयी दिल्ली : कच्चे तेल की कीमतों में तेजी और अमेरिकी डॉलर के मजबूत होने से मांग कमजोर पड़ने के बीच राष्ट्रीय राजधानी में सोना और चांदी के भाव में गिरावट दर्ज की गयी। 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 4,300 रुपये यानी करीब तीन प्रतिशत गिरकर 1,56,000 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी कर सहित) पर आ गया। पिछले कारोबारी सत्र में यह 1,60,300 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। चांदी की कीमत भी 10,000 रुपये यानी करीब चार प्रतिशत लुढ़ककर 2,45,700 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी कर सहित) रह गई। पिछले कारोबारी सत्र में चांदी का बंद भाव 2,55,700 रुपये प्रति किलोग्राम रहा था।
क्या रहा कारण : विश्लेषकों ने कहा कि अमेरिका एवं ईरान के बीच भू-राजनीतिक तनाव बढ़ने से कच्चा तेल 90 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गया, जिससे डॉलर मजबूत हुआ और कीमती धातुओं की कीमतों में गिरावट आई। पीएल वेल्थ के प्रमुख (उत्पाद एवं पारिवारिक कार्यालय) राजकुमार सुब्रमण्यन ने कहा कि ऊर्जा कीमतों में उछाल से महंगाई के लंबे समय तक ऊपर बने रहने और ब्याज दरें ऊंची बनी रहने की आशंका बढ़ी है, जिससे सोने-चांदी को लेकर आकर्षण में कमी आई है।
अंतरराष्ट्रीय बाजार : हाजिर सोना 90.53 डॉलर यानी 2.13 प्रतिशत गिरकर 4,168.99 डॉलर प्रति औंस पर आ गया, जबकि चांदी 2.24 प्रतिशत टूटकर 63.87 डॉलर प्रति औंस पर रही। लेमन मार्केट्स डेस्क के शोध विश्लेषक गौरव गर्ग ने कहा कि डॉलर की मजबूती और अमेरिकी बॉन्ड प्रतिफल में बढ़ोतरी से कीमती धातुओं की मांग पर दबाव पड़ा है, जिससे वैश्विक बाजारों में इनकी कीमतों में गिरावट आई।