गोदरेज प्रॉपर्टीज भूखंड खरीदने में 30,000 करोड़ खर्च करेगी

गोदरेज प्रॉपर्टीज भूखंड खरीदने में 30,000 करोड़ खर्च करेगी

चेयरपर्सन पिरोजशा गोदरेज ने कहा कि चालू वित्त वर्ष की पहली छमाही में नए भूखंडों का अधिग्रहण तेज रहा है और दूसरी छमाही के लिए भी स्थिति मजबूत दिख रही है।
Published on

नई दिल्ली: गोदरेज प्रॉपर्टीज ने आवासीय मांग को मजबूत मानते हुए चालू वित्त वर्ष में करीब 30,000 करोड़ रुपये राजस्व की संभावना वाली कई भूखंड खरीदने की योजना बनाई है। कंपनी के शीर्ष अधिकारी ने यह जानकारी दी।

गोदरेज प्रॉपर्टीज के कार्यकारी चेयरपर्सन पिरोजशा गोदरेज ने कहा कि चालू वित्त वर्ष की पहली छमाही में नए भूखंडों का अधिग्रहण तेज रहा है और दूसरी छमाही के लिए भी स्थिति मजबूत दिख रही है। रियल एस्टेट कंपनी ने हाल ही में घोषित किया था कि वह 20,000 करोड़ रुपये के कारोबार विकास लक्ष्य को पार कर चुकी है।

पिरोजशा ने कहा, 'जमीन बाजार में मौजूद तेजी को देखते हुए लक्ष्य सावधानी से तय किए जाते हैं लेकिन इस वित्त वर्ष में हमारा कम-से-कम 30,000 करोड़ रुपये की सकल राजस्व संभावना वाले जमीन सौदे करने का अनुमान है।'

कंपनी ने हाल ही में नागपुर में 75 एकड़ जमीन खरीदी है, जहां लगभग 755 करोड़ रुपये की परियोजना विकसित की जाएगी। इसी महीने इसने दक्षिण बेंगलुरु में 30 एकड़ जमीन खरीदकर 3,500 करोड़ रुपये की टाउनशिप परियोजना लाने की भी घोषणा की।

पिरोजशा ने बताया कि पहली छमाही में कंपनी की बिक्री बुकिंग सालाना आधार पर 13 प्रतिशत बढ़कर 15,587 करोड़ रुपये हो गई। इसके साथ ही उन्होंने समूचे वित्त वर्ष के लिए 32,500 करोड़ रुपये का लक्ष्य हासिल करने का भरोसा जताया। कंपनी दिल्ली-एनसीआर, मुंबई एमएमआर, पुणे, बेंगलुरु और हैदराबाद सहित कई शहरों में आवासीय परियोजनाओं के विकास से जुड़ी हुई है।

गौरतलब है कि गोदरेज प्रॉपर्टीज (Godrej Properties) 126 साल पुराने गोदरेज समूह की रियल एस्टेट शाखा है, जो भारत के अग्रणी रियल एस्टेट डेवलपर्स में से एक है। यह कंपनी आवासीय, वाणिज्यिक और टाउनशिप परियोजनाओं के विकास पर ध्यान केंद्रित करती है। कंपनी मुंबई, दिल्ली-एनसीआर, पुणे, बैंगलोर, कोलकाता, हैदराबाद, अहमदाबाद और अन्य सहित भारत के 12 से अधिक प्रमुख शहरों में परियोजनाओं का विकास कर रही है।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in