

नयी दिल्ली : कच्चे तेल का वायदा भाव बुधवार को 38 रुपये बढ़कर 8,134 रुपये प्रति बैरल हो गया। वैश्विक बाजारों में तेजी, भू-राजनीतिक अनिश्चितताओं के बने रहने और निवेशकों की बढ़ती खरीदारी के कारण कीमतों में यह उछाल आया।
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज में कच्चे तेल का नवंबर माह में डिलिवरी होने वाला अनुबंध 38 रुपये या 0.47% की तेजी के साथ 8,134 रुपये प्रति बैरल हो गया। इसमें 9,629 लॉट के लिए कारोबार हुआ। कच्चे तेल का दिसंबर माह में डिलिवरी होने वाला अनुबंध 33 रुपये या 0.41% की तेजी के साथ 8,057 रुपये प्रति बैरल हो गया।
बाजार विश्लेषकों ने कहा कि मजबूत वैश्विक रुख और कारोबारियों द्वारा ताजा सौदों की लिवाली करने से कच्चा तेल वायदा कीमतों में तेजी आई। वैश्विक स्तर पर वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट कच्चा तेल 1% की तेजी के साथ 86.92 डॉलर प्रति बैरल हो गया जबकि ब्रेंट क्रूड का दाम 1.02 डॉलर या 1.11% बढ़कर 92.51 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था।