ब्रिटेन की टाइड अगले 4 साल में भारत में 3,100 करोड़ रुपये का निवेश करेगी

टाइड ने बयान में कहा कि भारत उसके वैश्विक परिचालन का महत्वपूर्ण हिस्सा बना रहेगा
New Delhi
ब्रिटेन की वित्तीय सेवा कंपनी टाइड
Published on: 

नयी दिल्ली : ब्रिटेन की वित्तीय सेवा कंपनी टाइड भारत में अपने परिचालन और प्रौद्योगिकी केंद्रों का विस्तार करने के लिए वर्ष 2030 के अंत तक करीब 25 करोड़ पाउंड (लगभग 3,100 करोड़ रुपये) का निवेश करेगी।

टाइड ने बयान में कहा कि भारत उसके वैश्विक परिचालन का महत्वपूर्ण हिस्सा बना रहेगा। निवेश का मुख्य जोर उन परिचालन और प्रौद्योगिकी केंद्रों को मजबूत करने पर होगा, जो ब्रिटेन तथा यूरोप में उसके कारोबार को समर्थन देते हैं। कंपनी के हैदराबाद स्थित उत्कृष्टता केंद्र में सदस्य सहायता, उत्पाद और इंजीनियरिंग सहित विभिन्न विभागों में करीब 800 कर्मचारी कार्यरत हैं।

यह केंद्र कंपनी के कुल कर्मचारियों का लगभग एक-तिहाई हिस्सा है और उसके प्रमुख परिचालन, इंजीनियरिंग तथा उत्पाद नवाचार का काम संभालता है। कंपनी दिल्ली स्थित अपने परिचालन केंद्र को भी आगे बढ़ाने की योजना बना रही है। दिल्ली स्थित केंद्र ब्रिटेन और यूरोप के कारोबार को सहायता प्रदान करता है।

हालांकि, टाइड ने कहा कि विस्तृत रणनीतिक समीक्षा के बाद वह इस निष्कर्ष पर पहुंची है कि भारत में ग्राहकों को सीधे सेवाएं देने वाले उसके कारोबार में मुनाफा कमाने की मजबूत गुंजाइश नहीं है। भले ही दिसंबर, 2022 से अब तक देश में उसके सदस्यों की संख्या 10 लाख से अधिक हो चुकी है।

कंपनी अब अपना निवेश ब्रिटेन और यूरोपीय बाजारों पर केंद्रित करेगी, जहां उसे बड़े स्तर पर लाभदायक वृद्धि की अधिक संभावनाएं दिखती हैं। टाइड ने कहा कि भारत में ग्राहकों को सीधे सेवाएं देने वाला कारोबार बंद करने के फैसले से करीब 400 कर्मचारी प्रभावित होंगे।

कंपनी ने प्रभावित कर्मचारियों को इस बदलाव के दौरान सहायता देने और जहां संभव हो, उन्हें अपने वैश्विक परिचालन एवं प्रौद्योगिकी केंद्रों में स्थानांतरित करने की पेशकश करने की बात कही है। टाइड के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) ओलिवर प्रिल ने कहा कि भारत कंपनी के वैश्विक कारोबार और दीर्घकालिक वृद्धि योजनाओं का अभिन्न हिस्सा बना रहेगा।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News