TRE-4 रिक्तियां तुरंत जारी करे सरकार, बार-बार परीक्षा टालने पर तेजस्वी का हमला

कहा- लाखों युवाओं के जीवन से खिलवाड़ बंद करे NDA सरकार
तेजस्वी यादव
तेजस्वी यादव
Published on

पटना : राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने गुरुवार को आरोप लगाया कि शिक्षक भर्ती परीक्षा (TRE-4 में विलंब कर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) सरकार लाखों युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ कर रहा है। उन्होंने मांग की कि शिक्षक भर्ती के लिए TRE-4 की रिक्तियां अविलंब निकाली जाएं।

यादव ने कहा कि 17 महीनों की महागठबंधन सरकार के दौरान उनकी पहल पर शिक्षा विभाग ने युद्ध स्तर पर TRE-1 तथा TRE-2 के तहत निर्धारित समय सीमा के भीतर बिना किसी पेपर लीक के, पारदर्शी तरीके से 2.20 लाख से अधिक अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिया था।

उन्होंने दावा किया कि TRE-3 की प्रक्रिया भी शुरू कराई गई थी, लेकिन जनवरी 2024 में उनकी सरकार के हटने के बाद पेपर लीक के कारण परीक्षा रद्द कर दी गई और बाद में यह परीक्षा भी विलंब से आयोजित हुई।

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि चुनावी वर्ष 2025 में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सरकारी विद्यालयों में शिक्षकों की रिक्तियों की गणना कर जल्द ही TRE-4 परीक्षा आयोजित करने का वादा किया था, लेकिन उस घोषणा को लगभग एक वर्ष बीत जाने के बाद भी अब तक रिक्तियां जारी नहीं की गई हैं।

यादव ने कहा कि बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) कैलेंडर के अनुसार, यह परीक्षा अगस्त 2024 में हो जानी चाहिए थी, लेकिन विभिन्न कारणों से इसे टाल दिया गया। बाद में अक्टूबर 2025 में परीक्षा कराने की बात कही गई, परंतु आचार संहिता लागू होने के कारण परीक्षा फिर स्थगित हो गई। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव संपन्न होने और सरकार बनने के बाद भी शिक्षक अभ्यर्थियों को इंतजार करना पड़ रहा है।

RJD नेता ने कहा कि उनके उपमुख्यमंत्री रहते हुए 17 महीनों में 5 लाख युवाओं को नौकरी दी गई और 3.5 लाख से अधिक नौकरियों की प्रक्रिया शुरू कराई गई थी।

उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार बार-बार परीक्षाएं टालकर युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ कर रही है, जिससे अभ्यर्थियों की आयु सीमा पार हो रही है और उनमें निराशा बढ़ रही है।

यादव ने कहा कि TRE-4 की रिक्तियां लाखों युवाओं के भविष्य से जुड़ा मामला है। उन्होंने NDA सरकार से अपील की कि इस प्रक्रिया को जल्द शुरू कर युवाओं की उम्मीदों को पूरा किया जाए।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in