बिहार : भोजपुर-बक्सर MLC उपचुनाव 12 मई को, 14 मई को मतगणना

दलों में टिकट व रणनीति पर मंथन तेज
बिहार : भोजपुर-बक्सर MLC उपचुनाव 12 मई को, 14 मई को मतगणना
Published on

पटना : बिहार विधान परिषद (MLC) की भोजपुर-बक्सर स्थानीय निकाय सीट पर उपचुनाव की तारीख घोषित कर दी गई है। भारत निर्वाचन आयोग ने बृहस्पतिवार को चुनाव कार्यक्रम जारी किया, जिसके साथ ही संबंधित क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है।

निर्वाचन आयोग के अनुसार, यह सीट 16 नवंबर 2025 से रिक्त है। इस पर जनता दल यूनाइटेड (JDU) विधान पार्षद राधाचरण साह निर्वाचित हुए थे, लेकिन उनके विधायक चुने जाने के बाद यह स्थान खाली हो गया था। अब इस सीट को भरने के लिए उपचुनाव कराया जा रहा है। इस सीट का कार्यकाल सात अप्रैल 2028 तक निर्धारित है।

जारी कार्यक्रम के मुताबिक 16 अप्रैल को अधिसूचना जारी होगी, जिसके साथ ही नामांकन प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। उम्मीदवार 23 अप्रैल तक नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे। 24 अप्रैल को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी, जबकि 27 अप्रैल तक नाम वापस लिए जा सकेंगे।

आयोग के अनुसार, मतदान 12 मई को कराया जाएगा और मतों की गिनती 14 मई को होगी। इसके बाद परिणाम घोषित किए जाएंगे। पूरी चुनाव प्रक्रिया निर्धारित समय सीमा के भीतर संपन्न कराई जाएगी।

इस सीट को लेकर राजनीतिक दलों के बीच दावेदारी तेज हो गई है। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) से जुड़े नेताओं ने इस सीट पर फिर से जीत दर्ज करने का दावा किया है। वहीं अन्य दल भी उम्मीदवारों के चयन और चुनावी रणनीति को अंतिम रूप देने में जुट गए हैं।

अधिसूचना जारी होने के बाद प्रशासनिक स्तर पर भी तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। मतदान केंद्रों की व्यवस्था, सुरक्षा और अन्य चुनावी प्रक्रियाओं को लेकर काम तेज किया जा रहा है। आने वाले दिनों में उम्मीदवारों के नाम सामने आने के साथ चुनावी तस्वीर और स्पष्ट होने की संभावना है।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in