

कोलकाता/बरमसिया: बरमसिया के एक गांव की 17 वर्षीय छात्रा के अपहरण और दो महीने तक यौन शोषण के आरोप में पीड़िता की मां ने चार लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है।
पुलिस रिपोर्ट के अनुसार पीड़िता, 10वीं कक्षा की छात्रा है। विगत 30 मार्च को वह अचानक लापता हो गई। परिजनों की तलाश के बाद आरोपित विशाल कुमार ने फोन कर कहा कि उसने लड़की से शादी कर ली है और उसे कोलकाता ले गया है। विशाल ने परिवार को पुलिस से शिकायत करने पर लड़की को नुकसान पहुंचाने की धमकी भी दी। इस कारण परिजन डर गए और उन्होंने पुलिस को सूचित नहीं किय।
पुलिस के अनुसार पूछताछ और शिकायत में यह बात सामने आई कि अपहरण के समय बरमसिया निवासी विनय यादव, सोहजाना के श्यामदेव यादव तथा प्रियांशी कुमारी नामक युवती ने भी विशाल का साथ दिया था। आरोप है कि कथित अपहर्ताओं ने किशोरी को कोलकाता में करीब दो माह तक रखा और उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। आठ जून को विशाल किशोरी को उसके घर पर छोड़कर चला गया। इसके बाद पीड़िता की मां ने थाने में मामला दर्ज कराया।
प्रभारी थानाध्यक्ष अनिरुद्ध कुमार ने बताया कि पीड़िता की मेडिकल जांच करवाई जा चुकी है और उसका बयान अदालत में दर्ज कराया जा रहा है। पुलिस अपहरण, दुष्कर्म और संबंधित धाराओं के तहत आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई कर रही है। पुलिस टीम आवश्यक साक्ष्य जुटाने और आरोपियों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए भी सक्रिय है।
स्थानीय लोगों और परिवार ने घटना पर गहरा आक्रोश व्यक्त किया है। लोगों का कहना है कि पीड़िता के पिता की मृत्यु पहले ही होने के कारण परिवार की स्थिति पहले से ही कमजोर थी। अब वे मानसिक रूप से भी परेशान हैं और सुरक्षा मुहैया कराने की मांग कर रहे हैं। पुलिस और प्रशासन ने पीड़िता को संरक्षण और मनो-सामाजिक सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है।