बिहार में एसआईआर अभियान : अब तक 74 % मतदाताओं ने जमा किए गणना प्रपत्र

गणना प्रपत्र की अंतिम तिथि 25 जुलाई
निर्वाचन आयोग
निर्वाचन आयोग
Published on

नयी दिल्ली/ पटना : निर्वाचन आयोग ने शुक्रवार को बताया कि बिहार में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत मतदाता गणना प्रपत्र जमा करने की अंतिम तिथि से 14 दिन पहले लगभग 7.90 करोड़ मतदाताओं में से 74 प्रतिशत से अधिक ने अपने प्रपत्र जमा करा दिए हैं।

पुनरीक्षण अभियान के दूसरे चरण में, बूथ स्तरीय अधिकारी घर-घर जाकर मतदाताओं की सहायता कर रहे हैं और उनके भरे हुए गणना प्रपत्र एकत्र कर रहे हैं। गणना प्रपत्रों का डिजिटलीकरण और अपलोडिंग का काम जारी है और बूथ-स्तरीय अधिकारियों ने अब तक एकत्र किए गए कुल गणना प्रपत्रों में से 3.73 करोड़ प्रपत्रों को डिजिटलीकृत और अपलोड कर दिया है।

आयोग ने यह भी बताया कि निर्वाचन और सहायक निर्वाचन पंजीकरण अधिकारियों द्वारा अपलोड किए गए प्रपत्रों के सत्यापन के लिए उसके डिजिटल प्लेटफॉर्म ‘ईसीआईनेट’ में एक नया मॉड्यूल लागू किया गया है। गणना प्रपत्र 25 जुलाई से पहले जमा किए जा सकते हैं।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in