defense minister rajnath singh
हम पर कोई नहीं डाल सकता दबाव

समोसे में आलू और लालू वाले दिन गए -राजनाथ सिंह

बिहार अब विकास के पथ पर अग्रसर है, 'जल्द ही बिहार में एक डिफेंस कॉरिडोर की स्थापना की जाएगी
Published on

औरंगाबाद : रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रविवार को कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) कभी भी धर्म, जाति, पंथ के आधार पर लोगों के बीच दरार पैदा नहीं करता। बिहार के औरंगाबाद में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए सिंह ने यह बात कही।

रेवंत रेड्डी पर निशाना

तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, 'हाल में तेलंगाना के मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘कांग्रेस मतलब मुसलमान और मुसलमान मतलब कांग्रेस’। यह राजनीति का सरासर पतन है। राजग कभी धर्म, जाति या संप्रदाय के आधार पर समाज में विभाजन नहीं करता।'

भाजपा में गलत आचरण बर्दाश्त नहीं

उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और राजग अपने सभी वादे पूरे करते हैं और राजनीति में गलत आचरण पर कभी मौन दर्शक नहीं बने रहते। सिंह ने कहा, “हम अपने वादे हमेशा पूरे करते हैं। हम राजनीति में कभी गलत काम नहीं करते और अगर कोई गलत चीज होती है, तो हम चुप नहीं रहते। नेता वही है जो अपने कहे को निभाए।”

बिहार की जनता तय करे ‘जंगलराज’ या ‘विकसित बिहार’

उन्होंने कहा कि बिहार की जनता को यह तय करना होगा कि वे ‘जंगलराज’ चाहते हैं या ‘विकसित बिहार’। राजग शासन में बिहार में आधारभूत ढांचे का बड़े पैमाने पर विकास हुआ है। राज्य में सड़कों, पुलों और अन्य विकास कार्यों से सकारात्मक बदलाव साफ दिखता है।

राजग घोषणा पत्र के वादे पूरा करेगा

राजनाथ सिंह ने कहा कि राजग अपने घोषणा पत्र में किए गए सभी वादों को पूरा करेगा। उन्होंने कहा, 'जल्द ही बिहार में एक डिफेंस कॉरिडोर की स्थापना की जाएगी, जिससे राज्य में रोजगार और औद्योगिक विकास को बढ़ावा मिलेगा।'

समोसे और आलू वाले दिन गए

राजद नेता तेजस्वी यादव पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा, 'मुझे नहीं पता कि तेजस्वी ने गणित सीखी है या नहीं। वह हर परिवार को सरकारी नौकरी देने का वादा करते हैं। यह एक साफ झूठ है। धन आएगा कहां से?' रक्षा मंत्री ने कहा वे दिन अब लद गए जब लोग कहा करते थे, 'जब तक रहेगा समोसे में आलू, तब तक रहेगा बिहार में लालू।

उन्होंने कहा, 'अब हालात बदल चुके हैं। स्वादिष्ट समोसा सिर्फ आलू से नहीं बनता, उसी तरह बिहार का विकास भी सिर्फ एक व्यक्ति या परिवार से नहीं हो सकता। स्वादिष्ट समोसा (अच्छा शासन) केवल राजग ही दे सकता है।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in