PM मोदी शनिवार को करेंगे 'नीतीश सेतु' का उद्घाटन

इस सेतु के निर्माण पर 5,500 करोड़ रुपये से अधिक की लागत
Patna
Published on: 

पटना : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शनिवार को बिहार के वैशाली जिले में गंगा नदी पर बने पुल 'नीतीश सेतु' का उद्घाटन करेंगे जिसका नामकरण राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नाम पर किया गया है। इस के निर्माण पर 5,500 करोड़ रुपये से अधिक की लागत आई है।

प्रधानमंत्री इस साल मई के बाद पहली बार बिहार के दौरे पर आ रहे हैं। मई में उन्होंने बिहार में सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार के अवसर पर आयोजित समारोह में हिस्सा लिया था। सम्राट चौधरी बिहार में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पहले मुख्यमंत्री हैं।

9.76 किलोमीटर लंबा छह लेन का यह पुल वैशाली जिले के बिदुपुर प्रखंड को पटना के बाहरी इलाके में स्थित कच्ची दरगाह से जोड़ता है। पूर्व मुख्यमंत्री एवं जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के अध्यक्ष नीतीश कुमार के सम्मान में इसका नाम ‘नीतीश सेतु’ रखा गया है। नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री रहते ही इस परियोजना की परिकल्पना की गई थी और उनके कार्यकाल में ही यह लगभग पूरी हुई।

करीब दो दशक तक बिहार के मुख्यमंत्री रहे नीतीश कुमार ने अप्रैल 2026 में मुख्यमंत्री पद छोड़ दिया था। उन्होंने वर्ष 2012 में इस परियोजना की शुरुआत की थी, हालांकि निर्माण कार्य 2015 में शुरू हुआ। इससे एक साल पहले केंद्र की तत्कालीन राजग सरकार ने बिहार को एशियाई विकास बैंक (एडीबी) से ऋण लेने में मदद की थी। एडीबी ने इस परियोजना के लिए कुल 3,472.15 करोड़ रुपये का ऋण दिया है।

राज्य सरकार के अनुसार, परियोजना पर उसने अपने संसाधनों से 2,099.54 करोड़ रुपये खर्च किए हैं। दोनों छोर पर संपर्क सड़कों को शामिल करने पर इस पुल की कुल लंबाई करीब 20 किलोमीटर हो जाती है।

सरकार का मानना है कि यह पुल घनी आबादी वाले उत्तर बिहार की कृषि अर्थव्यवस्था के लिए नई संभावनाओं के द्वार खोलेगा। इससे लीची, केला, मक्का, सब्जियों और अन्य कृषि उत्पादों को उत्तर बिहार से दूसरे क्षेत्रों तक पहुंचाना आसान होगा।

सरकार को यह भी उम्मीद है कि ‘बिदुपुर-कच्ची दरगाह कॉरिडोर’ निवेशकों के लिए आकर्षक गंतव्य बनेगा और पर्यटन एवं लॉजिस्टिक्स के केंद्र के रूप में विकसित होने की क्षमता रखता है।

इस बीच, पुल के नामकरण को लेकर सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) और मुख्य विपक्षी दल राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के बीच जुबानी जंग छिड़ गई है। राजद ने भी इस परियोजना का श्रेय लेने की कोशिश की है, क्योंकि वह नीतीश कुमार के कार्यकाल में कुछ समय के लिए सत्ता में साझेदार रह चुका है।

राजद के कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया है कि भाजपा ने पुल का नाम नीतीश कुमार के जीवित रहते उनके नाम पर रखकर उन्हें राजनीतिक रूप से मृत घोषित करने की कोशिश की है।

राज्य विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने यह दावा भी किया कि वर्ष 2016 में जब वह उपमुख्यमंत्री थे और पथ निर्माण विभाग उनके पास था, तब बिदुपुर के स्वतंत्रता सेनानी अक्षयवट राय के नाम पर पुल का नामकरण करने का प्रस्ताव नीतीश कुमार को भेजा गया था।हालांकि, सत्तारूढ़ राजग ने पुल के नामकरण पर विपक्ष की आपत्तियों को खारिज कर दिया है।

पुल का नाम ‘नीतीश सेतु’ रखे जाने का समर्थन करने वालों में केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान भी शामिल हैं। कभी नीतीश कुमार के मुखर आलोचक रहे चिराग की पार्टी लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) राजग की सहयोगी है। चिराग के हाजीपुर लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत ही राघोपुर विधानसभा क्षेत्र आता है, जिसका प्रतिनिधित्व तेजस्वी यादव करते हैं।

जब चिराग पासवान से कहा गया कि उनके दिवंगत पिता रामविलास पासवान ने भी कई बार हाजीपुर का प्रतिनिधित्व किया था और उन्हें भी इस तरह का सम्मान मिलना चाहिए था, तो उन्होंने भावुक अंदाज में जवाब दिया।

उन्होंने कहा, मेरे पिता किसी पुल या पुलिया से कहीं अधिक बड़े थे। उनके योगदान को उनकी जयंती पर राजकीय समारोह आयोजित करने जैसे सरकारी फैसलों के माध्यम से स्वीकार किया गया है। आने वाले दिनों में उन्हें ऐसे और सम्मान मिल सकते हैं।

Patna
बिहार में 'नीतीश सेतु' के नामकरण पर गरमाई राजनीति
सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News