

पटना : जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने शुक्रवार को दावा किया कि देश में फोन टैपिंग एक हकीकत है और उन्होंने पेगासस विवाद का हवाला देते हुए दावा किया कि उनका फोन भी टैप किया जा रहा था। किशोर ने इसके साथ ही कांग्रेस नेता राहुल गांधी के फोन की निगरानी किए जाने के आरोप को लेकर हमलावर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के रुख को परोक्ष रूप से खारिज किया।
उन्होंने कहा, फोन टैप किए जाते हैं। यह काफी समय से हो रहा है। यह एक हकीकत है, जिसके बारे में लोगों को जागरूक होने की जरूरत है। मुझे अपने फोन की टैपिंग के बारे में तब पता चला था, जब पेगासस के संभावित निशाने पर रहने वाले लोगों की सूची में मेरा नाम सामने आया था।
किशोर उस समय चुनावी रणनीतिकार थे, जब इजराइल में विकसित स्पाइवेयर के जरिए कथित जासूसी किए जाने की खबरें सामने आई थीं। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर सत्ता में बने रहने के लिए कथित रूप से विदेशी मदद लेने का आरोप लगाया था और इस मुद्दे पर खुली बहस की मांग की थी।
राहुल गांधी ने ऑनलाइन पोस्ट किए गए एक वीडियो में दावा किया कि उनके फोन में इस बात के ‘सबूत’ हैं कि मोदी को ‘विदेशी ताकतें नियंत्रित कर रही हैं’ और प्रधानमंत्री को इसकी जानकारी है, क्योंकि सरकार ‘मेरा फोन टैप करती है’।
समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव सहित कांग्रेस के सहयोगी दलों के नेताओं ने जहां राहुल गांधी के दावे का समर्थन किया है, वहीं भाजपा नेताओं ने इसकी आलोचना की। भाजपा की केरल इकाई के अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर ने गांधी को ‘अपना मानसिक परीक्षण कराने’ की सलाह दी है।