रक्षाबंधन से पहले CM सम्राट चौधरी की बड़ी पहल

बेटियों की सुरक्षा-सशक्तिकरण के लिए 3 नई योजनाएं और 4,700 दोपहिया वाहन महिला पुलिस को समर्पित
अभय ब्रिगेड की महिला पुलिसकर्मियों ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को राखी बांधी
अभय ब्रिगेड की महिला पुलिसकर्मियों ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को राखी बांधी
Published on

पटना : बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रक्षाबंधन से पहले बुधवार को बेटियों और महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा, शिक्षा, सशक्तीकरण एवं आत्मनिर्भरता की दिशा में तीन नई योजनाओं की शुरुआत की।

इन योजनाओं में मुख्यमंत्री बालिका PhD फेलोशिप योजना, बिहार की बेटी स्टार्टअप चैलेंज योजना और पुलिस दीदी (अभय ब्रिगेड) के लिए दोपहिया वाहन वितरण शामिल हैं।

पटना के ज्ञान भवन में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री बालिका PhD फेलोशिप योजना की शुरुआत करते हुए कहा कि इसके तहत लगभग 1,000 छात्राओं को चार वर्षों तक 10,000 रुपये प्रतिमाह की आर्थिक सहायता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि बेटियों को उच्च शिक्षा और शोध के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।

मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान के अनुसार मुख्यमंत्री ने बिहार की बेटी स्टार्टअप चैलेंज योजना की भी शुरुआत की। बयान के अनुसार इसके अंतर्गत महिला उद्यमियों को अपने नवाचार और उद्यम को आगे बढ़ाने के लिए 50,000 रुपये से 2 लाख रुपये तक की वित्तीय सहायता मिलेगी। इस योजना से 2,100 महिलाओं को लाभ होगा।

अभय ब्रिगेड की महिला पुलिसकर्मियों ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को राखी बांधी
PK बोले, सड़कों पर युवाओं का गुस्सा और भड़केगा

बयान के अनुसार मुख्यमंत्री ने पुलिस दीदी (अभय ब्रिगेड) के लिए 4,700 दोपहिया वाहनों का लोकार्पण किया और झंडी दिखाकर रवाना किया। बयान के अनुसार मौके पर अभय ब्रिगेड की महिला पुलिसकर्मियों ने मुख्यमंत्री को राखी बांधी। उन्होंने कहा कि यह पहल बेटियों और बहनों की सुरक्षा के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को और मजबूत करेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्कूटर और मोटरसाइकिल मिलने से महिला पुलिसकर्मी स्कूल-कॉलेज में पढ़ने वाली छात्राओं की सुरक्षा और महिला सुरक्षा से जुड़े कार्यों को अधिक प्रभावी ढंग से संचालित कर सकेंगी। उन्होंने बताया कि बिहार में करीब 40 हजार महिला पुलिसकर्मी कार्यरत हैं, जो देश के किसी भी राज्य से अधिक हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य की 43 लाख जीविका दीदियों में से 59 प्रतिशत महिलाएं जनप्रतिनिधि बन चुकी हैं और सरकार का लक्ष्य आने वाले वर्षों में एक करोड़ महिलाओं को जीविका, दुग्ध उत्पादन, पशुपालन तथा स्वरोजगार से जोड़ना है।

उन्होंने बताया कि आपातकालीन सेवा 112 का प्रतिक्रिया समय घटकर 10 मिनट से कम हो गया है और इसे 5–7 मिनट तक लाने का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि साथ ही सरकार युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर सरकारी नौकरी और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए भी प्रतिबद्ध है।

कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, बिजेंद्र प्रसाद यादव, शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी, उच्च शिक्षा मंत्री संजय सिंह टाइगर, मुख्य सचिव स्तर के अधिकारी और पुलिस महानिदेशक विनय कुमार सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

अभय ब्रिगेड की महिला पुलिसकर्मियों ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को राखी बांधी
चुनाव से पहले LJP (रामविलास) में बड़ा फेरबदल
Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in