IDSP में जहानाबाद जिला बिहार में अव्वल, देश में तीसरे स्थान पर

1 जनवरी से 31 अक्टूबर, 2025 तक की गई पोर्टल-आधारित समीक्षा
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार
Published on

जहानाबाद/पटना : एकीकृत रोग निगरानी कार्यक्रम (IDSP) के तहत भारत सरकार के इंटीग्रेटेड हेल्थ इन्फॉर्मेशन प्लेटफॉर्म (IHIP) पोर्टल पर 1 जनवरी से 31 अक्टूबर, 2025 तक की गई पोर्टल-आधारित समीक्षा में बिहार के जहानाबाद जिले ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए देश के 783 जिलों में 99.37 अंकों के साथ तृतीय स्थान प्राप्त किया है। इसके साथ ही, राज्य स्तर पर जहानाबाद जिला प्रथम स्थान पर रहा है।

जिला प्रशासन के अनुसार, इस उपलब्धि पर जिला पदाधिकारी अलंकृता पांडेय ने एकीकृत रोग निगरानी कार्यक्रम से जुड़े सभी पदाधिकारियों और कर्मियों को बधाई दी तथा आगे भी इसी प्रकार समर्पित भाव से कार्य करने की अपील की।

राष्ट्रीय स्तर पर गुजरात के अहमदाबाद जिले को 99.90 अंकों के साथ प्रथम स्थान, ओडिशा के नयागढ़ जिले को 99.48 अंकों के साथ द्वितीय स्थान प्राप्त हुआ। वहीं, ओडिशा का कंधमाल जिला 99.11 अंकों के साथ चतुर्थ और गुजरात का आनंद जिला 99.04 अंकों के साथ पंचम स्थान पर रहा।

उल्लेखनीय है कि जहानाबाद जिला पूर्व वर्षों में भी IDSP के अंतर्गत निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन करता रहा है। वर्ष 2022 में जिले ने 86.32 अंकों के साथ 12वां स्थान, वर्ष 2023 में 98.80 अंकों के साथ तृतीय स्थान और वर्ष 2024 में 98.90 अंकों के साथ पंचम स्थान देश स्तर पर प्राप्त किया था, जो जिले की निरंतर प्रगति को दर्शाता है।

जिला प्रशासन ने कहा कि यह उपलब्धि जिले में सुदृढ़ रोग निगरानी प्रणाली, समयबद्ध एवं शत-प्रतिशत रिपोर्टिंग, प्रभावी निगरानी तंत्र तथा त्वरित और सटीक आउटब्रेक प्रतिक्रिया का प्रत्यक्ष प्रमाण है। जिला पदाधिकारी और सिविल सर्जन के निरंतर मार्गदर्शन एवं अनुश्रवण में यह सफलता स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारियों, चिकित्सकों, स्वास्थ्य कर्मियों और संबंधित कर्मचारियों के समर्पित प्रयास, प्रतिबद्धता और उत्कृष्ट टीमवर्क का परिणाम है।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in