

पटना : बिहार के विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह ने गुरुवार को राज्य के सभी जिलों के अधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों को निर्देश दिया कि घरेलू LPG गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी, अवैध भंडारण तथा अनधिकृत बिक्री पर पूरी सख्ती से रोक लगाई जाए।
उन्होंने वर्तमान वैश्विक परिदृश्य से उत्पन्न ऊर्जा संकट की स्थिति को देखते हुए राज्य के सभी जिलों के अधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों के साथ समीक्षा बैठक की। सिंह ने कहा कि सरकार आम उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह सजग है और आवश्यकतानुसार सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।
अपर मुख्य सचिव (गृह) अरविंद कुमार चौधरी ने सभी जिलों में विशेष निगरानी अभियान चलाते हुए गैस एजेंसियों, गोदामों तथा वितरण प्रणाली की नियमित जांच सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि यदि कहीं भी कालाबाजारी या अनियमितता की शिकायत मिलती है तो संबंधित व्यक्तियों एवं एजेंसियों के विरुद्ध तत्काल कार्रवाई की जाए।
पुलिस महानिदेशक विनय कुमार ने सोशल मीडिया पर सतत निगरानी रखने का निर्देश देते हुए अफवाह फैलाने वालों तथा कालाबाजारी करने वालों के विरुद्ध त्वरित कार्रवाई करने के लिए सभी पुलिस अधीक्षकों को निर्देश दिए।
समीक्षा बैठक में सभी जिलों में आम जनता की शिकायतों के समाधान के लिए नियंत्रण कक्ष स्थापित करने का भी निर्देश दिया गया।
इंडियन ऑयल के कार्यकारी निदेशक तथा बिहार-झारखंड के राज्य प्रमुख अनूप कुमार राय ने कहा कि राज्य में घरेलू गैस LPG सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता है और आपूर्ति व्यवस्था सामान्य है। उन्होंने उपभोक्ताओं से किसी प्रकार की घबराहट या अनावश्यक भंडारण से बचने की अपील की।
राय ने यह भी बताया कि कुछ तकनीकी कारणों से फिलहाल इंडियन ऑयल द्वारा ओटीपी प्रणाली को अस्थायी रूप से स्थगित किया गया है। बैठक में पेट्रोलियम कंपनियों के प्रतिनिधियों ने भी स्पष्ट किया कि राज्य में पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति में कोई समस्या नहीं है। साथ ही PNG गैस की आपूर्ति भी सामान्य बनी हुई है।