समस्तीपुर : समस्तीपुर जिले के दलसिंहसराय थाना क्षेत्र स्थित पगरा चौक के पास सोमवार देर रात एक सोना कारोबारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान सरदारगंज निवासी राजेश कुमार पोद्दार के रूप में हुई है। वह काली चौक के पास सोने-चांदी के आभूषणों की दुकान चलाते थे। कारोबारी की हत्या के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, राजेश पोद्दार रोज की तरह अपनी दुकान बंद कर बाइक से घर जा रहे थे। इसी दौरान पगरा चौक के पास अपराधियों ने उन्हें गोली मार दी। गोली लगते ही वह सड़क पर गिर पड़े और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गये।
घटना की जानकारी मिलते पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस पगरा चौक और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि हमलावरों की पहचान और उनके भागने के रास्ते का पता लगाया जा सके। वहीं एफएसएल टीम ने घटनास्थल से वैज्ञानिक तरीके से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं।
पुलिस इस बात का जांच कर रही है कि अपराधियों ने किस वजह से कारोबारी की गोली मारकर हत्या की। पुलिस ने शुरुआती जांच में लूटपाट की आशंका जताई है। हालांकि, घटनास्थल पर उनकी बाइक और थैली में रखा सामान सुरक्षित मिला। इससे हत्या की वजह को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। पुलिस इस बिंदु को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हत्या के पीछे लूटपाट, पुरानी रंजिश या कोई दूसरी वजह थी। सीसीटीवी फुटेज, वैज्ञानिक साक्ष्यों और परिजनों से पूछताछ के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। आरोपियों की पहचान और हत्या की असली वजह का खुलासा होना अभी बाकी है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।