बिहार MLC चुनाव : आठ सीटों के लिए मतगणना मंगलवार को

मतगणना के मद्देनजर राज्यभर में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम
फाइल फोटो
फाइल फोटो
Published on: 

पटना : बिहार विधान परिषद (MLC ) की चार स्नातक और चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के द्विवार्षिक चुनाव के लिए मंगलवार को होने वाली मतगणना के मद्देनजर राज्यभर में आठ केंद्रों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) कार्यालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मतगणना सुबह आठ बजे शुरू होगी। इस दौरान चौबीसों घंटे सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी और सुरक्षा के अन्य आवश्यक इंतजाम भी किए गए हैं।

राज्य में 23 अक्टूबर को हुए मतदान में शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में 82.85 प्रतिशत, जबकि स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में 53.42 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था। इन चुनावों में कुल 150 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों के 90 और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के 60 उम्मीदवार शामिल हैं।

स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 4,92,594 मतदाता थे, जबकि शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में मतदाताओं की संख्या 40,253 थी। जिन आठ निर्वाचन क्षेत्रों में चुनाव हुए हैं, उनमें पटना, दरभंगा, तिरहुत और कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र तथा पटना, दरभंगा, तिरहुत और सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं।

मतगणना केंद्रों में कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए पूर्णिया स्थित बिहार विद्यालय परीक्षा समिति का क्षेत्रीय कार्यालय, सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए सारण स्थित एसवीएन राजकीय कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय और तिरहुत के दोनों निर्वाचन क्षेत्रों के लिए मुजफ्फरपुर स्थित एमआईटी का प्रशासनिक भवन शामिल हैं।

पटना स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की मतगणना बांकीपुर राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में होगी, जबकि दरभंगा के दोनों निर्वाचन क्षेत्रों की मतगणना खेल भवन-सह-व्यायामशाला भवन में की जाएगी।

इन आठों सीटों से निर्वाचित विधान परिषद सदस्यों का कार्यकाल 16 नवंबर 2026 को समाप्त हो रहा है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने चार सीटों पर उम्मीदवार उतारे हैं, जबकि उसकी सहयोगी जनता दल (यूनाइटेड) (जदयू) ने शेष चार सीटों पर प्रत्याशी खड़े किए हैं। प्रशांत किशोर के नेतृत्व वाली जन सुराज पार्टी सभी आठ सीटों पर चुनाव लड़ रही है।

कार्यकाल समाप्त होने वाले विधान परिषद सदस्यों में पटना स्नातक सीट से नीरज कुमार, दरभंगा स्नातक सीट से सर्वेश कुमार, तिरहुत स्नातक सीट से बंशीधर ब्रजवासी, कोसी स्नातक सीट से एनके यादव, पटना शिक्षक सीट से नवल किशोर यादव, दरभंगा शिक्षक सीट से मदन मोहन झा, तिरहुत शिक्षक सीट से संजय कुमार सिंह और सारण शिक्षक सीट से अफाक अहमद शामिल हैं।

चुनाव प्रचार के दौरान जदयू में उस समय विवाद उत्पन्न हो गया, जब मोकामा के विधायक अनंत सिंह ने मौजूदा विधान पार्षद नीरज कुमार के खिलाफ जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार अनुज सिंह का खुलकर समर्थन किया।

जदयू ने कथित पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में 24 अक्टूबर को अनंत सिंह और उनकी पत्नी एवं पूर्व विधायक नीलम देवी को छह साल के लिए निष्कासित कर दिया था।

इस बीच, जन सुराज पार्टी ने चुनाव प्रचार के दौरान अपने दो उम्मीदवार भी बदल दिए थे। पार्टी ने तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में भूषण झा की जगह श्याम नंदन यादव को और दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में रवींद्र यादव की जगह मोहम्मद इम्तियाज (नूरानी) को उम्मीदवार बनाया था।

फाइल फोटो
बिहार MLC चुनाव : शिक्षक सीट पर 82.85% और स्नातक पर 55.42% वोटिंग
सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in