Bihar Politics : चिराग पासवान ने की अधिक सीटों की मांग, समीकरणों में उलझा NDA

गठबंधन के नेताओं को समाधान जल्द निकलने की उम्मीद
चिराग पासवान
चिराग पासवान
Published on

पटना : केंद्रीय मंत्री एवं लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अध्यक्ष चिराग पासवान की अधिक सीट की मांग ने बिहार विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के लिए समीकरणों को पेंचीदा बना दिया है, हालांकि सत्तारूढ़ गठबंधन के नेताओं को समाधान जल्द निकलने की उम्मीद है।

सीट बंटवारे को लेकर राजग के साथ ही विपक्षी महागठबंधन में भी पिछले कई दिनों से गतिरोध बना हुआ है। NDA में गतिरोध की एक बड़ी वजह चिराग पासवान के अपने रुख पर अडिग रहने को माना जा रहा है।

सूत्रों का कहना है कि कई मौकों पर खुद को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘हनुमान’ कहने वाले चिराग अधिक सीट की मांग के अपने रुख पर अडिग हैं।

केंद्रीय मंत्री एवं BJP नेता नित्यानंद राय ने गुरुवार को चिराग से मुलाकात के बाद कहा था कि सबकुछ सकारात्मक है।

वर्ष 2020 के विधानसभा चुनाव में NDA से अलग होकर चुनाव लड़ने वाले चिराग इस बार JD(U) और BJP गठबंधन का हिस्सा हैं। तब उन्होंने JD(U) के खिलाफ अपने उम्मीवार उतारने की रणनीति अपनायी थी, जिसके चलते नीतीश कुमार की पार्टी 43 सीट पर सिमट गई थी।

वर्ष 2020 में तत्कालीन लोजपा ने 135 उम्मीदवार उतारे थे, जिनमें से 134 हार गए। पार्टी को 5.64 प्रतिशत मत हासिल हुआ था। हालांकि, ‘चिराग फैक्टर’ से JD(U) को नुकसान पहुंचा था। मटिहानी सीट से लोजपा के टिकट पर जीते राजकुमार सिंह बाद में JD(U) में शामिल हो गए थे। बाद में लोजपा 2 धड़ो में टूट गई थी। लोजपा (रामविलास) का नेतृत्व चिराग और राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी (रालोजपा) की अगुवाई उनके चाचा पशुपति पारस कर रहे हैं।

नीतीश कुमार के साथ मतभेद के कारण 2020 में राजग से अलग हुए चिराग पासवान 2024 के लोकसभा चुनाव में एक बार फिर राजग में लौटे और उनकी पार्टी ने 5 लोकसभा सीट पर चुनाव लड़ी और सभी पर जीत दर्ज करके अपनी ताकत साबित की। अब वे विधानसभा चुनाव में 30 से 35 सीट की उम्मीद लगाए बैठे हैं।

NDA में दलों की संख्या को देखते हुए चिराग की यह मांग मानना भाजपा के लिए आसान नहीं है। सूत्रों के अनुसार, BJP चिराग पासवान को 22 विधानसभा सीट के साथ राज्यसभा और विधान परिषद की एक-एक सीट देने को तैयार है।

सूत्रों का कहना है कि हाल ही में चिराग पासवान की दिल्ली में BJP नेताओं धर्मेंद्र प्रधान और विनोद तावड़े से मुलाकात हुई थी, जिसमें सीट बंटवारे पर चर्चा हुई, लेकिन बात नहीं बनी।

मटिहानी सीट को लेकर JD(U) और लोजपा (रामविलास) के बीच टकराव की स्थिति है। JD(U) का कहना है कि यह सीट उनके मौजूदा विधायक की है, जबकि चिराग का तर्क है कि यह सीट 2020 में उनकी पार्टी के टिकट पर जीती गई थी। वहीं, मोतिहारी के गोविंदगंज सीट पर चिराग अपनी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी के लिए मांग रहे हैं, जबकि वहां BJP का वर्तमान विधायक है।

बीते बुधवार को चिराग ने ‘X’ पर एक भावनात्मक संदेश में अपने पिता रामविलास पासवान का उल्लेख करते हुए लिखा, पापा कहा करते थे- ‘अपराध मत करो, अपराध मत सहो। अगर जीना है तो मरना सीखो, हर कदम पर लड़ना सीखो।'

वरिष्ठ पत्रकार दीपक कुमार मिश्र ने कहा, यह दवाब की राजनीति है। वर्तमान परिस्थिति में चिराग राजग छोड़ कर कही नहीं जाने वाले हैं, उन्हें पता है कि शायद दूसरे गठबंधन में उन्हें उचित सम्मान नहीं मिले। प्रशांत किशोर की पार्टी जनसुराज मजबूत स्थिति में नहीं है।

BJP चुनाव समिति के सदस्य प्रेम रंजन पटेल ने कहा, पार्टी के चुनाव समिति के प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान चिराग पासवान के संपर्क में हैं और एक-दो दिन में कोई रास्ता निकल जाएगा।

वहीं,लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय महासचिव सत्यानंद शर्मा ने कहा, हमारा वोट शेयर अब 8 प्रतिशत से अधिक है। हमारे राजग में रहने से गठबंधन की ताकत और बढ़ेगी। सीट बंटवारे पर बातचीत जारी है और हमारे नेता जल्द ही अंतिम निर्णय लेंगे।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in