बिहार आर्थिक समीक्षा : 2024-25 में आपदाओं से 2,547 लोगों की मौत, डूबने से सर्वाधिक जाने गईं

वर्ष 2024-25 में डूबने से 2,039 लोगों की जान गई
नदी
नदी
Published on

पटना : बिहार में वर्ष 2024-25 के दौरान विभिन्न आपदाओं में कुल 2,547 लोगों की मौत हुई, जिनमें सबसे अधिक मौतें डूबने से हुईं। यह जानकारी राज्य विधानसभा में हाल में पेश की गई आर्थिक समीक्षा में दी गई। समीक्षा के अनुसार, वर्ष 2023-24 में यह आंकड़ा 2,140 था। वर्ष 2024-25 में डूबने से 2,039 लोगों की जान गई।

आकाशीय बिजली गिरने की घटनाओं में 2024-25 के दौरान 305 लोगों की मौत हुई, जबकि पिछले वर्ष 242 लोगों की जान गई थी। इस अवधि में आकाशीय बिजली गिरने से 29 लोग घायल हुए, जबकि 2023-24 में घायलों की संख्या 35 थी।

आग लगने की घटनाओं में 2024-25 में 143 लोगों की मौत हुई, जो पिछले वर्ष की तुलना में 25 अधिक है। लू (हीटवेव) की स्थिति के कारण 34 लोगों की मौत हुई, जबकि 2023-24 में यह संख्या 12 थी।

समीक्षा में कहा गया है कि राज्य की भौतिक संरचना इसे विभिन्न प्रकार की आपदाओं के प्रति अत्यधिक संवेदनशील बनाती है। लगभग सभी जिले बाढ़, भूकंप, चक्रवात, सूखा और आग जैसी प्रमुख आपदाओं के जोखिम का सामना करते हैं। कुछ क्षेत्रों में एक साथ कई प्रकार की आपदाएं आती हैं, जो राज्य की वास्तविक बहु-आपदा की स्थिति को दर्शाती हैं।

समीक्षा में कहा गया कि राज्य के दक्षिण-मध्य और दक्षिण-पूर्वी हिस्सों में बाढ़ और आंधी-तूफान की घटनाएं अक्सर होती हैं। पिछले वर्ष अप्रैल में आकाशीय बिजली गिरने और आंधी-तूफान से 90 से अधिक लोगों की मौत हुई थी तथा फसलों और मकानों को व्यापक नुकसान पहुंचा। उस महीने नालंदा जिले में सबसे अधिक 23 मौतें दर्ज की गई थीं।

आपदा प्रबंधन विभाग के सचिव चंद्रशेखर सिंह ने कहा कि प्रभावी आपदा प्रबंधन ढांचे के लिए रोकथाम, शमन, तैयारी और त्वरित प्रतिक्रिया बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा, बाढ़, सूखा, आंधी-तूफान, आकाशीय बिजली गिरने और चक्रवात के प्रति बिहार की संवेदनशीलता को देखते हुए राज्य सरकार आपदा प्रबंधन और प्रभावित परिवारों को राहत देने के लिए प्रतिबद्ध है।

सिंह ने बताया कि बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (BSDMA) बाढ़, भूकंप और चक्रवात जैसी संभावित आपदाओं के जोखिम के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए राज्यव्यापी अभियान शुरू करने की तैयारी कर रहा है। उन्होंने कहा,यह अभियान स्कूलों में भी चलाया जाएगा ताकि छात्र आपदा से निपटने की तैयारी और उससे जुड़ी सावधानियों के बारे में सीख सकें।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in