CM नीतीश कुमार बोले- विकास को बढ़ावा देने वाला है बिहार का बजट

बिहार विधानमंडल में वित्त मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव ने वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट पेश किया
CM नीतीश कुमार व अन्य
CM नीतीश कुमार व अन्य
Published on

पटना : बिहार विधानमंडल में वित्त मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव द्वारा मंगलवार को पेश किए गए वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि यह बजट विकसित बिहार के संकल्प को पूरा करने वाला है।

उन्होंने कहा कि न्याय के साथ विकास के सिद्धांत पर आधारित इस बजट में सभी क्षेत्रों के साथ-साथ किसानों, उद्यमियों, युवाओं और महिलाओं सहित समाज के सभी वर्गों का ध्यान रखा गया है। नीतीश ने कहा कि यह एक संपूर्ण, समावेशी और विकास को बढ़ावा देने वाला बजट है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वर्ष बिहार का बजट तीन लाख 47 हजार करोड़ रुपये से अधिक का है, जो पिछले वर्ष की तुलना में 30 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा है। उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में बिहार की विकास दर 14.9 प्रतिशत रहने का अनुमान है।

नीतीश ने कहा कि यह बजट सरकार द्वारा लागू किए गए सात निश्चय-3 कार्यक्रमों को पूरा करने में काफी मददगार साबित होगा। उन्होंने कहा कि अगले पांच वर्षों में बिहार के एक करोड़ युवाओं को नौकरी और रोजगार देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है और इसके लिए राज्य में वित्तीय संसाधनों का समुचित प्रबंधन करते हुए कार्य शुरू कर दिया गया है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि 'मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना' के तहत हर घर की एक महिला को रोजगार के लिए दो लाख रुपये की सहायता का भी प्रावधान किया गया है। उन्होंने कहा कि राज्य में उद्योगों को बढ़ावा दिया जा रहा है और यह बजट प्रत्येक परिवार को अवसर प्रदान करने, युवाओं के कौशल विकास तथा महिलाओं के सशक्तीकरण के उद्देश्यों को पूरा करेगा।

उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य और कृषि क्षेत्रों में सरकार के प्रयासों से हुए विकास को आगे बढ़ाने के लिए भी इस बजट में विशेष प्रावधान किए गए हैं। बिहार बजट 2026-27 राज्य की अर्थव्यवस्था की विकास गति को तेज करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार अपने राजकोषीय संसाधनों के बेहतर प्रबंधन से बिहार के विकास को तेज गति दे रही है। उन्होंने यह भी कहा कि बिहार के विकास में केंद्र सरकार का पूरा सहयोग मिल रहा है और आने वाले कुछ वर्षों में राज्य देश के सर्वाधिक विकसित राज्यों की श्रेणी में शामिल हो सकेगा।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in