

न्यूयॉर्क/ पटना : बिहार दिवस 2026 के उपलक्ष्य में आयोजित एक विशेष समारोह में बिहार मूल के प्रवासी समुदाय के 4 लोगों को उनकी उपलब्धियों और योगदान के लिए यहां सम्मानित किया गया।
न्यूयॉर्क स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास ने ‘बिहार फाउंडेशन ऑफ यूएसए ईटीजेड’ और ‘बिहार झारखंड एसोसिएशन ऑफ नॉर्थ अमेरिका’ के सहयोग से इस सप्ताह की शुरुआत में बिहार दिवस मनाया।
इस अवसर पर समुदाय के प्रतिष्ठित सदस्यों को बिहार विश्व गौरव सम्मान 2026 प्रदान किया गया। सम्मान पाने वालों में विश्व बैंक समूह के जल विभाग के वैश्विक निदेशक सरोज कुमार झा, फुलक्रम डिजिटल के अध्यक्ष एवं संस्थापक राजेश सिन्हा, एएमडी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं मुख्य सूचना अधिकारी हसमुख रंजन तथा सिल्वामो के मुख्य डिजिटल एवं सूचना अधिकारी संजय चौबे शामिल थे। उन्हें उनकी उपलब्धियों और योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
बिहार फाउंडेशन ऑफ यूएसए की एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, कार्यक्रम को संबोधित करते हुए न्यूयॉर्क में भारत के महावाणिज्य दूत बिनय प्रधान ने राज्य के लोगों के व्यापक प्रभाव और वैश्विक उपस्थिति पर प्रकाश डालते हुए कहा कि लगभग हर किसी का एक दोस्त बिहार से है।
उन्होंने बिहार के ऐतिहासिक अतीत, बदलते वर्तमान और उज्ज्वल भविष्य पर चर्चा की तथा राज्य और क्षेत्र के प्रवासी संगठनों को सामुदायिक संबंध मजबूत करने के लिए बधाई दी।
अपने संदेश में बिहार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने कहा कि बिहार परिवर्तन के लिए तैयार है और उन्होंने वैश्विक प्रवासी समुदाय से राज्य के विकास में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में सांता मिश्रा की पुस्तक ‘गांव की मिट्टी मिटने नहीं देती’ का विमोचन भी किया गया। शाम को बिहार की विरासत को दर्शाने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए, जिनमें सम्राट अशोक के युग, नालंदा विश्वविद्यालय की विरासत, महात्मा गांधी के चंपारण आंदोलन से लेकर राज्य में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) विकास जैसी वर्तमान उपलब्धियों तक बिहार की यात्रा को दर्शाने वाली नाट्य प्रस्तुति शामिल थी।