

पटना : राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने जनता दल (यूनाइटेड) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार को बिहार के मुख्यमंत्री पद से हटने के लिए विवश किया, क्योंकि वह उन्हें राजनीतिक रूप से समाप्त करना चाहती थी।
विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव, BJP नेता सम्राट चौधरी नीत सरकार द्वारा पेश विश्वास मत प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान बोल रहे थे। BJP लगातार कहती रही कि 2030 तक नीतीश कुमार राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के नेता रहेंगे, लेकिन अब उसने उन्हें समाप्त कर दिया है।
उन्होंने कहा, किसी भी राज्य को राजनीतिक स्थिरता की आवश्यकता होती है, लेकिन बिहार की स्थिति अलग है। यहां पांच वर्षों में पांच सरकारें देखी गई हैं। तेजस्वी का संकेत उस अवधि की ओर था, जिसमें JD(U) अध्यक्ष नीतीश कुमार राजग में आते-जाते रहे।
BJP के भीतर असंतोष का संकेत देने का प्रयास करते हुए यादव ने सम्राट चौधरी के शुरुआती राजनीतिक जीवन का उल्लेख किया, जब वह RJD में थे। उन्होंने कहा, मुझे सम्राट चौधरी के लिए प्रसन्नता है, जो RJD प्रमुख लालू प्रसाद यादव की पाठशाला से निकले हैं। लेकिन उन्हें BJP और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) में गहरी जड़ें रखने वाले उन लोगों से सावधान रहना चाहिए, जो उनके उभार से नाराज हैं।
RJD नेता ने सम्राट चौधरी के पिता शकुनि चौधरी के एक पुराने चुनावी भाषण का भी उल्लेख किया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। उन्होंने व्यंग्यात्मक लहजे में कहा, शकुनि चौधरी ने नरेन्द्र मोदी को जीवित दफनाने की धमकी दी थी। प्रतीत होता है कि इससे BJP का शीर्ष नेतृत्व भयभीत हो गया और उन्हें शांत करने के लिए उनके पुत्र को मुख्यमंत्री बना दिया।
तेजस्वी यादव ने महिलाओं के आरक्षण के मुद्दे पर जारी बहस का भी उल्लेख करते हुए कहा कि आरक्षण इस प्रकार लागू किया जाना चाहिए, जिससे वंचित जातियों की महिलाओं को पर्याप्त प्रतिनिधित्व सुनिश्चित हो सके।