नीतीश कुमार आज दिल्ली रवाना, BJP शीर्ष नेतृत्व संग मुलाकात में नए CM पर मंथन संभव

नीतीश कुमार 14 अप्रैल को दे सकते हैं CM पद से इस्तीफा
CM नीतीश कुमार व अन्य
CM नीतीश कुमार व अन्य
Published on

पटना : बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार गुरुवार को दिल्ली रवाना होंगे, जहां वे 10 अप्रैल को राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ लेंगे। इसके बाद उनकी भारतीय जनता पार्टी (BJP) के शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात की संभावना है, जिसमें बिहार की भावी राजनीतिक दिशा और नई सरकार के गठन को लेकर अहम चर्चा हो सकती है।

सूत्रों के अनुसार, अगले दो दिनों तक बिहार की राजनीति का केंद्र दिल्ली रहने वाला है। शुक्रवार को नीतीश कुमार के राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ लेने के साथ ही BJP कोर ग्रुप की बैठक भी दिल्ली में प्रस्तावित है। बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ साथ बिहार प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा तथा वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। माना जा रहा है कि इसी बैठक में राज्य के नए मुख्यमंत्री के नाम पर लगभग सहमति बन सकती है।

जनता दल यूनाइटेड (JDU) के एक वरिष्ठ नेता ने बताया कि 14 अप्रैल को नीतीश कुमार मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे सकते हैं। इस्तीफे के तुरंत बाद राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के विधानमंडल दल की बैठक होगी, जिसमें नए नेता का चयन कर बिहार के अगले मुख्यमंत्री के नाम पर मुहर लगाई जाएगी।

JDU के वरिष्ठ नेता और संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी ने बुधवार को पुष्टि की कि मुख्यमंत्री गुरुवार को दिल्ली रवाना होंगे और 11 अप्रैल तक उनके पटना लौटने की संभावना है। उन्होंने कहा कि यह नीतीश कुमार का व्यक्तिगत और राजनीतिक निर्णय है और राजग के सभी घटक दल इसका सम्मान करते हैं।

चौधरी ने कहा, BJP बड़ी पार्टी है, इसलिए नेतृत्व की भूमिका उसी के पास रहती है और निर्णय भी सामूहिक रूप से लिए जाएंगे। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि राजग पूरी तरह एकजुट है और आगे की रणनीति मिलकर तय की जाएगी।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in