पश्चिम बंगाल में न्यूनतम तापमान में हुई हल्की बढ़ोतरी

IMD ने कहा कि सुबह के समय जिलों में हल्का से मध्यम कोहरा छाया रह सकता है और मौसम मुख्य रूप से शुष्क बना रहेगा।
पश्चिम बंगाल में न्यूनतम तापमान में हुई हल्की बढ़ोतरी
Published on

कोलकाता: पश्चिम बंगाल में मंगलवार को न्यूनतम तापमान में कुछ डिग्री की वृद्धि दर्ज की गई, जिससे राज्य में सर्दी में मामूली कमी आई है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी देते हुए बताया कि अगले सात दिन के दौरान जिलों के न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। आईएमडी ने कहा कि सुबह के समय जिलों में हल्का से मध्यम कोहरा छाया रह सकता है और मौसम मुख्य रूप से शुष्क बना रहेगा।

मौसम विभाग ने यह भी पूर्वानुमान जताया है कि अगले पांच दिन तक पश्चिम बंगाल के गंगा के आसपास के इलाकों में तापमान सामान्य से दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक कम हो सकता है। वहीं, पहाड़ी पर्यटन स्थल दार्जिलिंग में रात का तापमान 7.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो कुछ दिन पहले दर्ज किये गए तीन से चार डिग्री सेल्सियस तापमान के मुकाबले काफी अधिक है। इसके अलावा, दार्जिलिंग जिले के ऊपरी इलाकों में पहाड़ी क्षेत्र का सबसे कम न्यूनतम तापमान 3.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

वहीं, राज्य के मैदानी इलाकों में कूचबिहार सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां तापमान 8.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के अन्य स्थानों पर भी न्यूनतम तापमान काफी कम रहा, जिनमें बांकुरा (9.4), जलपाईगुड़ी (9.5), श्रीनिकेतन (9.7) और कल्याणी (9.7 डिग्री सेल्सियस) शामिल हैं। आईएमडी ने बताया कि कोलकाता में न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके साथ ही विभाग ने पूर्वानुमान जताया है कि यहां बुधवार सुबह हल्का कोहरा छा सकता है।

पश्चिम बंगाल में न्यूनतम तापमान में हुई हल्की बढ़ोतरी
मौसम ठीक रहा तो दिन-रात चलेगी फेरी सेवा
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in