सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : सीएम शुभेंदु अधिकारी ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक वासुदेव पाल के निधन पर दुख व्यक्त किया। सीएम ने शोक संदेश में लिखा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक, श्रद्धेय वासुदेव पाल जी के निधन से मैं अत्यंत दुखी एवं शोकाकुल हूँ। वर्ष 1980 से लेकर चार दशकों से अधिक समय तक उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रचारक के रूप में स्वयं को पूर्णतः संघ कार्य के लिए समर्पित रखा। पश्चिम बंगाल एवं असम के विभिन्न क्षेत्रों में दायित्व निभाने के साथ-साथ उत्तर बंगाल प्रांत के प्रचार प्रमुख तथा प्रांत कार्यकारिणी के सदस्य के रूप में भी उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। संघ के वैचारिक एवं प्रकाशन कार्यों में भी उनका योगदान उल्लेखनीय रहा। कई दशकों तक संघ कार्य के प्रति उनका निःस्वार्थ समर्पण, निष्ठा, त्याग और आदर्शों के प्रति अटूट प्रतिबद्धता असंख्य स्वयंसेवकों के लिए प्रेरणास्रोत रही। परम करुणामय ईश्वर से स्वर्गीय वासुदेव पाल जी की दिवंगत आत्मा की चिरशांति के लिए प्रार्थना करता हूं तथा शोकसंतप्त परिवार, परिजनों एवं मित्रों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। ईश्वर इस कठिन समय में सभी को यह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें।